समस्त जनपदों में क्षेत्र पंचायतों के रिक्त प्रमुख के स्थानों/पदों पर उप निर्वाचन हेतु समय सारिणी जारी

उत्तर प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार द्वारा उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में क्षेत्र पंचायतों के आकस्मिक रूप से रिक्त प्रमुख के स्थानों/पदों, जो न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित न हों, पर उप निर्वाचन हेतु समय सारिणी जारी कर दी गई है। जारी समय सारिणी के अनुसार नामांकन का दिनांक व समय 19 अक्टूबर, 2022 को (पूर्वाह्न 11ः00 बजे से अपराह्न 03ः00 बजे तक), नामांकन पत्रों की जांच का दिनांक व समय 19 अक्टूबर, 2022 को (पूर्वाह्न 03ः00 बजे से कार्य समाप्ति तक), उम्मीदवारी वापस लेने का दिनांक व समय 20 अक्टूबर, 2022 को (पूर्वाह्न 11ः00 बजे से अपराह्न 03ः00 बजे तक), मतदान का दिनांक व समय 21 अक्टूबर, 2022 को (पूर्वाह्न 11ः00 बजे से अपराह्न 03ः00 बजे तक) एवं मतगणना का दिनांक व समय 21 अक्टूबर, 2022 को (अपराह्न 03ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक) कराया जायेगा।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) क्षेत्र पंचायत प्रमुख के निर्वाचन में निर्वाचन अधिकारी की हैसियत से प्रमुख, क्षेत्र पंचायत के स्थान/पद के आरक्षण के सम्बन्ध में विवरण देते हुए उ0प्र0 क्षेत्र पंचायत (प्रमुख तथा उप प्रमुख का निर्वाचन और निर्वाचन विवादों का निपटारा) नियमावली, 1994 के नियम-6(2) के अन्तर्गत नियमावली में निर्धारित प्रपत्र-1 में सार्वजनिक सूचना अपने स्तर से निर्गत करेंगे और निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करायेंगे। सार्वजनिक जानकारी हेतु अपने कार्यालय, जिला मुख्यालय, क्षेत्र पंचायत मुख्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय तथा तहसील कार्यालय के सूचना पट्ट पर सार्वजनिक सूचना की एक प्रति चिपकवाकर प्रदर्शित कराएंगे। सार्वजनिक सूचना निर्गत होने के साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री प्रारम्भ हो जाएगी। यह उप निर्वाचन उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत (प्रमुख तथा उप प्रमुख का निर्वाचन और निर्वाचन विवादों का निपटारा) नियमावली, 1994 के अनुसार सम्पन्न होगा।
यह उप निर्वाचन आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार एकल संक्रमणीय मत द्वारा होगा और इस निर्वाचन में मतदान गुप्त मत द्वारा होगा। प्रमुख, क्षेत्र पंचायत के पद पर मतदान हेतु प्रयोग किए जाने वाले मतपत्र उपर्युक्त संदर्भित नियमावली की अनुसूची-1 में निर्धारित प्रपत्र -7 के अनुसार होंगे तथा विधिमान्य उम्मीदवारों के नाम मतपत्र में देवनागरी लिपि में उसी क्रम में दिए जाएंगे जिस क्रम में वे नियम-13 के अधीन प्रकाशित विधिमान्य उम्मीदवारों की सूची में दिए गए हैं। नामांकन से मतगणना तक की प्रक्रिया क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर सम्पन्न होगी। निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतगणना पूर्ण होने के बाद बिना किसी अनावश्यक विलम्ब के तत्काल परिणाम घोषित किया जाएगा। उप निर्वाचन के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे एवं निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।








