अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन ने अमल गुप्ता को सौंपी अवध क्षेत्र की कमान

अयोध्या।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष एवं लखनऊ उत्तर से विधायक डॉ. नीरज बोरा ने अमल गुप्ता को संगठन का अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के सौंपे जाने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं वैश्य समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा ने जारी नियुक्ति पत्र में कहा कि अमल गुप्ता युवा ऊर्जा, सशक्त संगठनात्मक क्षमता एवं समाजसेवा की भावना से परिपूर्ण हैं। उनके नेतृत्व में अवध क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा वैश्य समाज को एकजुट कर जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी।
नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अमल गुप्ता ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। समाज के उत्थान, युवाओं को संगठन से जोड़ने और संगठन को सशक्त बनाने को उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अमल गुप्ता को मिली इस जिम्मेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे वैश्य समाज के लिए गर्व का विषय है।








