अयोध्या में इलाज बना मौत की वजह, हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप

अयोध्या।
अयोध्या जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत साकेत पुरी स्थित निर्मला हॉस्पिटल पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती मरीज को डिस्चार्ज किए जाने से ठीक पहले गलत इंजेक्शन की ओवरडोज दी गई, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही समय बाद मरीज की नाड़ी गिरने लगी, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा उसे तत्काल लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही मरीज की हालत अत्यंत नाजुक हो गई और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद अस्पताल स्टाफ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर इंजेक्शन की ओवरडोज दिए जाने की स्वीकारोक्ति का दावा किया जा रहा है। इस घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी डॉक्टर एवं स्टाफ के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा निर्मला हॉस्पिटल को सील किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।
प्रकरण को लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की बात कही गई है।








