अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर

अयोध्या। पंचकोसी परिक्रमा में आए श्रद्धालुओं के लिए होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाएँ एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में डॉ. धर्मेंद्र और डॉ. मनीष राय ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं की चिकित्सा की। विशेष रूप से बुजुर्ग श्रद्धालुओं के पैरों में दवा से मालिश कर उन्हें दर्द से राहत दिलाने का प्रयास किया गया, जिससे वे अपनी पंचकोसी परिक्रमा पूर्ण कर सकें।
आपको बता दें कि कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा का विशेष आयोजन होता है। लगभग 15 किलोमीटर लंबी यह परिक्रमा अयोध्या धाम की पवित्र परिक्रमा मानी जाती है। देशभर से श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ इस परिक्रमा में भाग लेते हैं।








