‘सपा पार्टी नहीं, एक परिवार का समूह’, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल का अखिलेश पर तीखा हमला

सपा का PDA छलावा, सैफई परिवार के अलावा किसी की इज्जत नहीं', मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने अखिलेश पर साधा निशाना

लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा को एक परिवार की पार्टी बताते हुए कहा कि अखिलेश का PDA छलावा है। सैफई के बाहर के नेताओं को न तो इज्जत मिलती है और न ही उनके आगे बढ़ने की कोई गुंजाइश है। मंत्री ने कहा कि पिछड़ों की बात करने वाले अखिलेश को पहले अपनी पार्टी में गैर यादव ओबीसी को बराबरी का हक देना चाहिए।

‘सपा राज में अपराधियों का था बोलबाला’

अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सपा शासन में अपराधियों का बोलबाला था और सपाई दलितों की जमीन पर कब्जा करते थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश के समय में उत्तर प्रदेश में माफिया राज था और गुंडों को सत्ता का संरक्षण मिलता था। लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में कानून का राज स्थापित है। माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और अपराधियों के हौसले पस्त हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां सुरक्षित हैं, जो अखिलेश के शासन में घरों से निकलने से भी डरती थी।

अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा शासन में नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही वसूली शुरू हो जाती थी। लेकिन योगी राज में अब तक 9.50 लाख से अधिक युवाओं को बिना भेदभाव के सरकारी नौकरी मिल चुकी है।

‘चौधरी चरण सिंह पर टिप्पणी का जवाब देगी जनता’

अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह और अजित सिंह के खिलाफ जो अपमानजनक टिप्पणी की है उसका जवाब प्रदेश की जनता उन्हें चुनाव में देगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश जिस तरह से लगातार अनर्गल बयान दे रहे हैं, उससे साफ पता चलता है कि वो हताश हो चुके हैं और उन्हें अपनी हार स्पष्ट दिख रही है। मंत्री ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage