अब न तहसील, न कचहरी-घर बैठे मिलेगी खतौनी की प्रमाणित नकल
डिजिटल पहल से राजस्व सेवाएं हुईं आसान, 24 घंटे उपलब्ध सुविधा

उत्तर प्रदेश सरकार ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक बड़ी पहल करते हुए खतौनी की प्रमाणित नकल प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब लोगों को तहसील या कचहरी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे घर बैठे ही कुछ आसान चरणों में प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद द्वारा शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत नागरिक राजस्व विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://upbhulekh.gov.in/ पर लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद ‘खतौनी की नकल’ विकल्प का चयन कर जनपद, तहसील और ग्राम की जानकारी भरनी होती है तथा संबंधित गाटा संख्या का चयन करना होता है। निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करते ही प्रमाणित प्रति तुरंत डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाती है।
यह सुविधा 24 घंटे संचालित है और यूपीआई सहित विभिन्न डिजिटल भुगतान माध्यमों को सपोर्ट करती है। इस पहल से समय, श्रम और अनावश्यक खर्च की बचत होगी, साथ ही प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी भी सुनिश्चित होगी। प्रदेश सरकार की यह डिजिटल पहल राजस्व संबंधी सेवाओं को आधुनिक, सरल और आमजन के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








