सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के खातों में राशि अंतरित की जाएगी : मुख्यमंत्री

पटना, 10 जून 2026
- प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर बिहार के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में पेंशन राशि अंतरित की गई।
- 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र व्यक्ति जो अभी तक योजना से वंचित हैं, वे शीघ्र आवेदन करें।
- आधार लिंक न होने के कारण पेंशन से वंचित लोग अपना आधार शीघ्र लिंक कराएं।
- गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डीबीटी (Direct Benefit Transfer) कार्यक्रम के तहत राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 1100 रुपये प्रतिमाह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद तबकों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किया गया है। राज्य के वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभार्थियों के खातों में नियमित रूप से अंतरित की जाएगी। सरकार विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र लोगों से शीघ्र आवेदन करने की अपील की, जिन्हें अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों का आधार लिंक नहीं है, वे आधार लिंक कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्थानीय आयुक्त मनोज कुमार उपस्थित थे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं लाभार्थी भी जुड़े रहे।








