मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया मिलर स्कूल का निरीक्षण, समयबद्ध विकास योजना बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना स्थित शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और इसे राज्य के एक आदर्श (मॉडल) विद्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह राज्य के सभी विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत और अनुकरणीय बन सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहीद देवशरण चौधरी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को विद्यालय में स्थापित स्मार्ट स्टेम, रोबोटिक्स एवं एआई लैब की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा शिक्षकों और छात्रों से विद्यालय को मॉडल स्कूल बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विद्यालय में स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, प्रयोगशालाओं के सुदृढ़ीकरण, पुस्तकालय के विस्तार, खेल सुविधाओं के उन्नयन तथा परिसर के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग से व्यवस्था किए जाने पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए तथा विद्यालय मैदान में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आधुनिक संसाधनों व बेहतर शैक्षणिक वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक नवल किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, पटना प्रमंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage