नासरीगंज–पानापुर निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ

सुगम आवागमन के साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई गति

  • निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा से दानापुर दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों की 66 हजार से अधिक आबादी को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
  • किसानों, सब्जी-फल एवं दुग्ध उत्पादकों, विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्रों तथा पंचायत कर्मियों को आवागमन में आसानी होगी।
  • गंगा के दोनों तटों के बीच संपर्क मजबूत होने से स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

पटना, 04 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया तथा उसमें यात्रा कर रहे लोगों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फेरी सेवा के शुरू होने से दानापुर दियारा क्षेत्र के लोगों को गंगा पार आवागमन के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी और इससे क्षेत्र के किसानों, सब्जी एवं फल विक्रेताओं, दुग्ध उत्पादकों तथा अन्य स्थानीय व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान पीपा पुल हटाए जाने के कारण दियारा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों और जोखिम का सामना करना पड़ता है। फेरी सेवा शुरू होने से इस अवधि में लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

यह फेरी सेवा दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहरा एवं पतलापुर ग्राम पंचायतों के लोगों को सीधे लाभ पहुंचाएगी। साथ ही क्षेत्र के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों तथा पंचायत कार्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आवागमन में भी सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल परिवहन के बेहतर उपयोग से गंगा के दोनों तटों पर बसे लोगों को एक अतिरिक्त एवं सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage