सीएम नीतीश ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि अंतरित की।
इस चरण में कुल 1000 करोड़ रुपये महिलाओं को प्रदान किए गए। इसके पहले 1 करोड़ 46 लाख लाभुक महिलाओं के खातों में 14,600 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की किस्त के साथ कुल 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। महिलाओं को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए यह आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस राशि के माध्यम से अपना रोजगार सफलतापूर्वक शुरू किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो महिलाएं अपना व्यवसाय अच्छे से संचालित करेंगी, उन्हें आगे 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह 10 हजार रुपये की राशि महिलाओं के लिए रोजगार शुरू करने में महत्वपूर्ण साबित होगी, जिससे उनका परिवार खुशहाल होगा और बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान तीनों लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं में बढ़ रहा आत्मविश्वास देखकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार सभी के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा केंद्र सरकार का भी इसमें पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है।








