वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 पर मुख्यमंत्री ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, पशुपालकों की आय बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने पर दिया जोर

पटना, 26 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार है। बिहार सरकार पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य का लक्ष्य बिहार को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में बिहार में प्रतिदिन लगभग 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। सरकार ने वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर प्रतिदिन एक करोड़ लीटर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पशुपालन, डेयरी विकास और दूध संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री गौधन योजना के माध्यम से अच्छी गुणवत्ता वाली गाय और भैंस खरीदने के लिए आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि कॉम्फेड बेहतर कार्य कर रहा है और सुधा ने अपनी गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता के दम पर देशभर में पहचान बनाई है। असम में एक लाख लीटर क्षमता की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है और आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता की प्रोसेसिंग यूनिट शुरू की जाएगी। इससे बिहार के दुग्ध उत्पादकों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधा के माध्यम से बिहार के पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों को भी राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। मखाना की खीर और रबड़ी जैसे उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बकरी पालन को ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि सुधा के माध्यम से बकरी के दूध के संग्रहण एवं विपणन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पशुपालन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखी भी तैयार की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 से पहले बिहार की एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य भी दोहराया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार ने कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) नीति बनाई है, जिससे बायोगैस उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार के लिए प्रत्येक प्रखंड में पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे।
उन्होंने समस्तीपुर जिले को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बताते हुए अन्य जिलों से भी इसकी सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया तथा कई पुस्तकों का विमोचन किया। दोनों नेताओं ने कॉम्फेड सहित देश के विभिन्न दुग्ध उत्पादक संगठनों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर केंद्रीय डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, विभागीय सचिव, वरिष्ठ अधिकारी, दुग्ध उत्पादक किसान एवं देशभर के दुग्ध उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









