अगले एक वर्ष में विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करेंगे : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 17 जून 2026।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार प्रतिभा और ज्ञान की भूमि है। राज्य के छात्र देश और दुनिया में अपनी योग्यता का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिलता है, वहां बिहार के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका दिखाई देती है।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय का होगा पुनर्स्थापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने के लिए राज्य सरकार अगले एक वर्ष में विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना के बाद अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनर्जीवित करने का समय आ गया है।
हर प्रखंड में खुलेंगे मॉडल स्कूल
उन्होंने घोषणा की कि जुलाई माह से राज्य के प्रत्येक प्रखंड में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में मॉडल स्कूल संचालित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सपना है कि इन विद्यालयों में ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले कि लोग स्वयं अपने बच्चों का नामांकन यहां कराना चाहें।
शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में लगभग 73 हजार विद्यालय संचालित हैं और सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे उच्च शिक्षा तक विद्यार्थियों की पहुंच और आसान होगी।
विद्यार्थियों को मिल रही आर्थिक सहायता
उन्होंने कहा कि छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों को 4 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सुरक्षा और शिक्षा दोनों सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि वे निर्भय होकर शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि “एक बेटी पढ़ती है तो पूरा परिवार पढ़ता है।” बिहार की बेटियां और बेटे दोनों ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, प्रभात खबर के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य लोगों ने भी संबोधित किया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।








