मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे को दिखाई हरी झंडी, सोमनाथ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन रवाना

पटना, 20 जुलाई 2026।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जंक्शन से भगवान सोमनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
“सोमनाथ स्वाभिमान पर्व (अटूट आस्था की गौरव गाथा)” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, डमरू वादन एवं शंखनाद के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने बिहार की ओर से श्रद्धालु शोभा सिंह को कलश तथा अजीत कुमार को ध्वज सौंपा। उन्होंने कहा कि यात्रा के साथ जा रहा ध्वज एवं कलश बिहार की आस्था, स्वाभिमान, सांस्कृतिक विरासत और समृद्धि के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों से 1,150 श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल हो रहे हैं। यह यात्रा अनेक राज्यों से होकर गुजरेगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने सभी यात्रियों से आग्रह किया कि वे यात्रा के दौरान बिहार की आस्था, संस्कृति और स्वाभिमान का संदेश पूरे देश में पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सोमनाथ का आशीर्वाद राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान सोमनाथ की कृपा से बिहार विकास, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान सोमनाथ के साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करने तथा बिहार की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य का इतिहास देश के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना सहित सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास बिहार की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि बिहार की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पूरे देश तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कला एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी तथा सोमनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








