एलडीए प्रवर्तन जोन 5: महानगर, जानकीपुरम व गुड़म्बा में 03 अवैध निर्माण सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार को प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने महानगर, जानकीपुरम व गुड़म्बा क्षेत्र में कार्यवाही की। इस दौरान प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे 03 अवैध निर्माणों को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि मो0 अजहर खान व अन्य द्वारा महानगर के रहीमनगर में टुण्डे कबाब रेस्त्रां के सामने लगभग 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक गतिविधि हेतु लोअर ग्राउंड व अपर ग्राउंड फ्लोर तक निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी तरह जे0एस0 मिश्रा व अन्य द्वारा जानकीपुरम के सेक्टर-जे में भूखण्ड संख्या-1/7 पर लगभग 3200 वर्गफिट क्षेत्रफल में बेसमेंट समेत 04 मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा सुनील शर्मा व अन्य द्वारा गुड़म्बा में बहादुरपुर मैकालय रोड पर यूनिटी चौराहे से पहले लगभग 180 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भूतल, प्रथम तल, द्वितीय तल व तृतीय तल तक भवन का निर्माण कराया जा रहा था।
प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त तीनों निर्माण कार्यों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता शिवा सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता इम्तियाज अहमद व शिवकुंवर द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया।








