40 डिग्री तापमान में भी एलडीए के रोज गार्डेन में खिलखिला रहे गुलाब

‘द रेड रिवाइवल’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने गुलाब की विभिन्न प्रजातियों की खूबसूरती को निहारा

राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस के अवसर पर जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन में जुटे पर्यावरण प्रेमी

जून का महीना और तापमान 40 डिग्री के पार। इसके बाद भी गुलाब के फूल खिलखिला रहे हैं। जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन में आपको यह अजूबा देखने को मिल सकता है। 12 जून, 2026 को राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस के अवसर पर रोज गार्डेन में जुटे पर्यावरण प्रेमियों ने खुद यह नजारा देखा और एलडीए के हॉर्टीकल्चर वर्क की जमकर सराहना की।

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को रोज गार्डेन में आयोजित ‘द रेड रिवाइवल’ कार्यक्रम में युवाओं, रचनाकारों, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान लोगों ने गुलाब की विभिन्न प्रजातियों की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य रोज गार्डेन के हरित वातावरण के संरक्षण तथा नागरिकों में पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देना था।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित यह रोज गार्डन देश का दूसरा सबसे बड़ा रोज गार्डन है। यहां 15 एकड़ क्षेत्रफल में गुलाब की 2200 से अधिक प्रजातियां एवं 10 हजार से अधिक पौधे रोपित किये गये हैं। विशेष बात यह है कि वैज्ञानिक सिंचाई एवं उद्यान प्रबंधन तकनीक की सहायता से भीषण गर्मी के मौसम में भी गुलाब की सुंदरता और गुणवत्ता को बनाए रखा गया है।

कार्यक्रम में एलडीए के उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती ने लोगों को पौधरोपण व सिंचाई की आधुनिक तकनीकी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया तथा नागरिकों से अधिकाधिक पौधारोपण एवं हरित पहल में सहभागी बनने का आह्वान किया गया। प्रतिभागियों ने एलडीए की इस पहल को लखनऊ की हरित पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button
btnimage