प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ऐशबाग जंक्शन का किया उद्घाटन

लखनऊ 17 जुलाई, 2026।

प्रधानमंत्री ,भारत सरकार नरेन्द्र मोदी ने आज मुख्य कार्यक्रम स्थल जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ’अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अन्तर्गत भारतीय रेलवे के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों एवं अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास रिमोट बटन दबाकर किया। 20 राज्यों में 75 अमृत स्टेशनों का उद्घाटन, दुनिया के सबसे बड़े स्टेशन रीडेवलपमेंट प्रोग्राम में से एक है, जिसके अन्तर्गत आज पुनर्विकसित पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के ऐशबाग जं0 रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के आरम्भ में मंडल रेल प्रबन्धक महोदय ने माननीय उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश ब्रजेश पाठक एवं गणमान्य अतिथियों को पौधा एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इसके उपरान्त मंडल रेल प्रबन्धक ने अपने सम्बोधन में कहा कि ऐशबाग जं. स्टेशन का व्यापक उन्नयन कार्य पूरा किया गया है। इस आधुनिकीकरण से हजारों यात्रियों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध होंगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इससे यहां आने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और उत्कृष्ट यात्रा अनुभव की अनुभूति होगी तथा क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश ब्रजेश पाठक ने अपने सम्बोधन में अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत पुनर्विकसित किये गये ऐशबाग जं. स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुये माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पाठक ने जींद और सोनीपत स्टेशनों के मध्य चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की विशेषताओं से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया। तत्पश्चात उन्होंने कार्यक्रम में निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा गीत-संगीत एवं नृत्य तथा लघु नाटिका का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक अरिजीत सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

विदित हो कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा लगभग 24.13 करोड़ रुपये की लागत से ऐशबाग जं. स्टेशन का व्यापक उन्नयन कार्य पूरा किया गया है। इस आधुनिकीकरण से हजारों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के पूरा होने पर स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इसके अंतर्गत स्टेशन परिसर का व्यापक विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ उच्च स्तरीय पार्किंग सुविधाओं का विकास भी शामिल है। प्लेटफार्मों पर आधुनिक फर्श, आधुनिक प्रसाधन, उन्नत पार्किंग एरिया (5,500 वर्ग मीटर) तथा सर्कुलेटिंग एरिया (4,300 वर्ग मीटर) में हरित पार्कों का विकास तथा यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए मानक अनुरूप एल.ई.डी. साइनेज लगाए गए हैं। दोनों तरफ के प्रवेश द्वारों पर ‘काऊ कैचर’ का प्रावधान किया गया है। स्टेशन पर 26 नए शेल्टर और विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया बनाए गए हैं। आधुनिक वेटिंग हॉल, साथ में शिशु आहार कक्ष और अलग-अलग प्रसाधन बने हैं। पार्सल ऑफिस, पे एंड यूज टॉयलेट, बड़ी पार्किंग और सुंदर फसाड भी तैयार किया गया है। ऊर्जा के लिए डी.जी. सेट और सोलर पैनल, पर्यावरण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाए गए हैं। दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, रैम्प, व्हीलचेयर, ब्रेल मैप आदि उपलब्ध हैं।

भविष्य की योजनाएं में वर्तमान में एक FOB तथा प्लेटफार्म 1 एवं 6 पर लिफ्ट कार्यरत हैं। सितंबर 2026 से 6 मीटर चौड़े नए FOB का निर्माण शुरू होगा, जिसकी टारगेट तिथि 31 अगस्त 2027 है। इसके बाद प्रत्येक प्लेटफार्म पर लिफ्ट और दोनों छोरों पर एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यह उन्नयन ऐशबाग स्टेशन को एक आधुनिक और यात्री-अनुकूल केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। रेल मंत्रालय के इस प्रयास से ऐशबाग जंक्शन एक आकर्षक, आधुनिक और यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित हो रहा है। यह परियोजना यहां आने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और उत्कृष्ट यात्रा अनुभव प्रदान करेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी।

इस अवसर पर स्टेशन पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं एवं सैन्य कर्मी/भूतपूर्व सैनिक, रेलवे परामर्शदात्री समितियों के पदाधिकारीगण, नगर के गणमान्य व्यक्तिगण एवं स्थानीय निवासी तथा प्रेस मीडिया के प्रतिनिधिगण, स्कूली बच्चे एवं भारी संख्या में रेल यात्री तथा आम जनता उपस्थित थी।

इसी परिप्रेक्ष्य में ऐशबाग जं. स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश, ब्रजेश पाठक , सांसद, राज्यसभा संजय सेठ , सदस्य विधान परिषद लालजी प्रसाद निर्मल एवं मुकेश शर्मा , उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग अपर्णा बिष्ट यादव , महानगर अध्यक्ष, भाजपा आनन्द द्विवेदी , प्रतिनिधि केंद्रीय रक्षामंत्री, भारत सरकार दिवाकर त्रिवेदी , जनप्रतिनिधिगण, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage