मेटाफर (लखनऊ लिटरेचर फेस्टिवल) में ‘लखनऊ और रेलवे : एक ऐतिहासिक यात्रा’ पुस्तक का विमोचन
चारबाग रेलवे स्टेशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रकाशित पुस्तक में 1860 से 1926 तक लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे के विकास एवं उसके सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रभावों का किया गया है प्रामाणिक वर्णन

मेटाफर (लखनऊ लिटरेचर फेस्टिवल) के मंच पर ‘हमारा लखनऊ पुस्तकमाला’ श्रृंखला के 46वें पुष्प ‘लखनऊ और रेलवे : एक ऐतिहासिक यात्रा’ पुस्तक का विमोचन संजय त्रिपाठी (एडीजी, IRITM), सुनील कुमार वर्मा (मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे) , गौरव अग्रवाल (मंडल रेल प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे) एवं द्वारा किया गया। यह पुस्तक चारबाग रेलवे स्टेशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रकाशित की गई है। उल्लेखनीय है कि चारबाग रेलवे स्टेशन आगामी 19 दिसम्बर 2026 को अपने 100 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है।
पुस्तक के लेखक ए.के. श्रीवास्तव रेलवे के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी एवं रेलवे इतिहास के प्रतिष्ठित जानकार हैं। पुस्तक में लखनऊ में रेलवे के आगमन की पृष्ठभूमि, रेल नेटवर्क के विस्तार तथा वर्ष 1860 से 1926 के बीच लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और साहित्यिक जीवन पर रेलवे के प्रभाव का विस्तृत एवं प्रामाणिक विवरण प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक के संपादक राम किशोर बाजपेयी के साथ परिचर्चा के दौरान लेखक ए.के. श्रीवास्तव ने लखनऊ में रेलवे के विकास से जुड़े अनेक रोचक ऐतिहासिक प्रसंग साझा किए। उन्होंने बताया कि भारत में रेलवे की शुरुआत वर्ष 1853 में हुई थी, लेकिन इसके एक दशक बाद भी कानपुर और लखनऊ रेलमार्ग से नहीं जुड़ पाए थे। उस समय दोनों शहरों के बीच आवागमन बैलगाड़ी, पालकी अथवा पैदल होता था और मार्ग में गंगा नदी को पार करना एक बड़ी चुनौती थी। धीरे-धीरे रेलवे का विस्तार कानपुर एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर हुआ, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जनपद भी लखनऊ से रेलमार्ग द्वारा जुड़ते चले गए।
उन्होंने चारबाग रेलवे स्टेशन के स्थान चयन के पीछे के ऐतिहासिक कारणों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उस समय लखनऊ से कानपुर जाने का प्रमुख मार्ग अमीनाबाद, गणेशगंज, नाका होते हुए हैदर कैनाल पर बने पुल से मवैया की ओर जाता था। शहर में प्रवेश का प्रमुख मार्ग हैदर कैनाल का पुल होने के कारण चारबाग में रेलवे स्टेशन का निर्माण शहर को रेलमार्ग से जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण था। साथ ही, यह स्थान सैन्य छावनी क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ था। रेलवे के बढ़ते विस्तार के साथ यात्री परिवहन के अलावा माल परिवहन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका स्थापित हुई।
वर्तमान चारबाग रेलवे स्टेशन के भव्य भवन का उद्घाटन 19 दिसम्बर 1926 को यूनाइटेड प्रोविंस के तत्कालीन गवर्नर श्री विलियम सिंक्लेर मॉरिस द्वारा किया गया था। इंडो-सारसेनिक स्थापत्य शैली में निर्मित यह स्टेशन अपनी विशिष्ट वास्तुकला एवं भव्यता के कारण देश के आकर्षक रेलवे स्टेशनों में विशेष स्थान रखता है।
यह पुस्तक लखनऊ के रेल इतिहास, शहर के विकास में रेलवे के योगदान तथा चारबाग रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत को समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।









