राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय बैठक की

जनवरी तक बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें अधिकारी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 28 नवम्बर 2026
राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को आगामी जनवरी माह तक बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने बांधों की मरम्मत एवं रखरखाव करते हुए रिसाव रोककर अतिरिक्त जल का समुचित उपयोग करने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे, इसके लिए विभाग मिशन मोड पर कार्य करें तथा नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि केवल स्वीकृति जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि धरातल पर कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा होना चाहिए।
उन्होंने हरिके बैराज की नियमानुसार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश को अपने हिस्से का साफ पानी मिल सके और राज्य हित में जलप्रवाह को सुचारू रखा जा सके। वहीं, न्यायालय में प्रक्रियाधीन मामलों की प्रभावी पैरवी और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Back to top button
btnimage