उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में पहली बार G&SR प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

लखनऊ मंडल के परिचालन विभाग द्वारा पहली बार सामान्य एवं सहायक नियम (G&SR) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के परिचालन विभाग द्वारा 24 जुलाई 2026 को परिचालन कर्मचारियों के लिए पहली बार सामान्य एवं सहायक नियम (G&SR) प्रश्नोत्तरी (Quiz) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह अभिनव पहल मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में रेलवे के संरक्षा नियमों एवं परिचालन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनके ज्ञान का मूल्यांकन करना तथा सुरक्षित रेल संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के प्रति उनका आत्मविश्वास एवं प्रतिबद्धता सुदृढ़ करना था।
इस पहल की परिकल्पना वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव द्वारा की गई, जबकि इसके सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन का दायित्व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) पवनीश काटल ने निभाया।
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह तथा सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक राशिदा खातून भी उपस्थित रहीं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति एवं संरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में यातायात निरीक्षक, लखनऊ-द्वितीय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यातायात निरीक्षक, सुल्तानपुर-द्वितीय की टीम उपविजेता (रनर-अप) रही।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक एवं संरक्षा-केंद्रित कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा, ताकि कर्मचारियों की कार्यकुशलता में निरंतर वृद्धि हो तथा सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल संचालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जा सके।

Related Articles

Back to top button
btnimage