सीएम नीतीश कुमार ने पटेल भवन में किया आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने पटेल भवन पहुंचकर गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र का भी अवलोकन किया तथा वहां की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणालियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में वर्षा की स्थिति, नदियों के जलस्तर तथा धान की फसल के आच्छादन की प्रगति की समीक्षा की।

इस मौके पर विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि:

  • राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी वर्षा हुई है।

  • 222 प्रखंडों में 25 मिमी या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

  • गंगा, कोसी और बूढ़ी गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जो खतरे के निशान के आसपास है, लेकिन स्थिति अब तक नियंत्रण में है।

  • धान की फसल का आच्छादन 3 अगस्त 2025 तक 79.43% हो चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी समय यह आंकड़ा 67.38% था।

  • पर्याप्त वर्षा के चलते राज्य में भू-जल स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र को “अत्यंत उपयोगी केंद्र” बताया और कहा कि यह 24×7 संचालित केंद्र बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अच्छी वर्षा से किसानों को धान की रोपनी कार्य में काफी लाभ मिला है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट मोड में रहें और SOP (मानक कार्यप्रणाली) के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित प्रमुख अधिकारी:

  • प्रत्यय अमृत (अपर मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग)

  • विनय कुमार (पुलिस महानिदेशक)

  • डॉ. एस. सिद्धार्थ (मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव)

  • अनुपम कुमार (मुख्यमंत्री के सचिव)

  • डॉ. चंद्रशेखर सिंह (सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग)

  • गोपाल सिंह (मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी)

  • प्रणव कुमार (सचिव, गृह विभाग)

  • त्यागराजन एस.एम. (जिलाधिकारी, पटना)

Related Articles

Back to top button
btnimage