बिहार सीएम नीतीश कुमार ने सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाईवे का शिलान्यास एवं आरओबी का उद्घाटन किया

बिहार।
बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा जिले के राजगीर में सालेपुर-राजगीर फोरलेन हाईवे के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 82 पर नवनिर्मित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन किया।

राजगीर के सिलाव क्षेत्र अंतर्गत बेलौआ में आयोजित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने ₹862.63 करोड़ की लागत से बनने वाले सालेपुर (एसएच-78) से बेलौआ (एनएच-120, राजगीर) तक फोरलेन हाईवे का शिलापट्ट अनावरण कर कार्य की शुरुआत की। यह मार्ग बौद्ध सर्किट से जुड़ा एक प्रमुख पर्यटन मार्ग होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फोरलेन मार्ग के बन जाने से पटना से राजगीर की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी और राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, प्रस्तावित हवाई अड्डा, नालंदा विश्वविद्यालय और अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंच सुगम और त्वरित हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र में औद्योगिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को बल मिलेगा।
इस परियोजना से बिहटा-सरमेरा राजकीय उच्च पथ (SH-78), सालेपुर-करौटा पथ, बिहारशरीफ-जहानाबाद (NH-33) एवं बिहारशरीफ-राजगीर-गया-डुमरांव (NH-120) मार्ग आपस में जुड़ जाएंगे।
राजगीर में 81.37 करोड़ रुपये की लागत से बने आरओबी का उद्घाटन
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने ग्राम हसनपुर में आयोजित कार्यक्रम में 81.37 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 82 के खंड 74/683 पर बने राजगीर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन कर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह ओवरब्रिज राजगीर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

यह आरओबी सरदार पटेल हॉल्ट और राजगीर परिसर के पास स्थित है। पहले यहां लेवल क्रॉसिंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। ओवरब्रिज के पास से राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाला मार्ग भी गुजरता है। यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एक अंतरराष्ट्रीय मानक का स्टेडियम है, जहाँ समय-समय पर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहती हैं।
एशिया रग्बी अंडर-20 चैम्पियनशिप की तैयारियों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने राजगीर स्थित खेल परिसर में जाकर आगामी एशिया रग्बी अंडर-20 चैम्पियनशिप की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने वहाँ अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
भूटानी मंदिर में पूजा-अर्चना
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने भूटानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कार्यक्रम में विजय कुमार चौधरी (जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री), श्रवण कुमार (ग्रामीण विकास मंत्री), विधायकगण कृष्ण मुरारी शरण, कौशल किशोर, पूर्व विधायक ई. सुनील, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, डॉ. बी. राजेंद्र (अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन एवं खेल विभाग), कुमार रवि (मुख्यमंत्री के सचिव), गोपाल सिंह (विशेष कार्य पदाधिकारी), संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी (सचिव, पथ निर्माण विभाग, डॉ. चंद्रशेखर सिंह (आयुक्त, पटना प्रमंडल), शीर्षत कपिल अशोक (चेयरमैन, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम), शिशिर सिन्हा (कुलपति, बिहार खेल विश्वविद्यालय), महेंद्र कुमार (निदेशक, खेल विभाग), कुंदन कुमार (जिलाधिकारी, नालंदा), भारत सोनी (पुलिस अधीक्षक, नालंदा) और अनेक मंत्री, विधायक एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे








