#LDA VC ने विभिन्न रूटों का किया निरीक्षण, शहीद पथ की सर्विस रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ चलाया अभियान

पांच कालीदास मार्ग चौराहे पर लगेगा मोर की आकृति का स्कल्पचर
आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन के दृष्टिगत शहर में कराये जा रहे कार्यों के सम्बंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को 1090 चौराहा, बंदरियाबाग चौराहा, लालबत्ती चौराहा समेत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सम्बंधित रूटों पर सौंदर्यीकरण व हाॅर्टीकल्चर के कार्यों को लेकर अधिकारियोें को जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने हिदायत देते हुए कहा कि सभी अधिकारी व अभियंता अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट्स पर उपस्थित रहकर समस्त कार्यों को ससमय पूर्ण कराएं।
1090 चौराहे के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि पाल्म के पेड़ों पर ट्राई कलर लाइटिंग के साथ प्लेटफार्म पर मल्टीकलर गमलों से सजावट का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि हाई मास्ट लाइट को सही कराने के साथ ही खम्भों की सफाई आदि के कार्य भी तत्काल प्रभाव से पूर्ण करा लिये जाएं। इसके अतिरिक्त स्मारक समिति के वाह्य क्षेत्र में पराग बूथ की तरफ रंगाई-पुताई व लाइटिंग के कार्यों के साथ ही पत्थरों की सफाई के कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं। इसके बाद उन्होंने पांच कालीदास मार्ग चौराहे का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने चौराहे पर मोर की आकृति का स्कल्पचर लगाने तथा आकर्षक वाॅल पेन्टिंग व हाॅर्टीकल्चर वर्क कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी चौक पर लगे फव्वारे को ठीक कराकर संचालित किया जाए तथा रेलिंग की पेन्टिंग कराके पेड़ों पर स्पाॅट लाइटें लगायी जाएं। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने बंदरियाबाग चौराहे पर स्थित नोस प्लेटफार्म पर पत्थरों को सही कराकर फाॅक्सटेल पाल्म लगाने के निर्देश दिये। इस क्रम में उन्होंने लालबत्ती चौराहे पर हाॅर्टीकल्चर वर्क कराने के साथ ही फोकस लाइटें लगाने के निर्देश दिये।
 अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाया गया अभियान
इसके बाद उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने संयुक्त रूप से शहीद पथ का निरिक्षण किया, जिसमें सर्विस रोड पर से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिये गये।
इसके अनुपालन में प्राधिकरण के प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी व नगर निगम जोन-8 के जोनल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव द्वारा कार्यवाही करते हुए एक दर्जन से अधिक स्थानों पर से अतिक्रमण हटवाये गये। इस दौरान शहीद पथ के सर्विस रोड पर स्थित ढाबों के संचालकों द्वारा किये गये अतिक्रमण को लेकर उनके विरूद्ध नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गये।

Related Articles

Back to top button
btnimage