12 वर्ष बेमिसाल: जनकल्याण योजनाओं को लेकर ग्राम चौपाल में उमड़ा जनसैलाब
प्रभारी मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

12 विभागों ने लगाए जनसेवा शिविर, लाभार्थियों को दी योजनाओं की जानकारी
अंबेडकर भवन अबूपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में विकास और जनकल्याण पर हुआ संवाद
गाजियाबाद।
प्रदेश सरकार के माननीय प्रभारी मंत्री एवं पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड मुरादनगर की न्याय पंचायत अबूपुर स्थित अंबेडकर भवन में “12 साल बेमिसाल” समेकित जनकल्याण एवं जनजागरण अभियान के अंतर्गत रात्रि ग्राम चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम मैं पहुंचने पर माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
ग्राम चौपाल के अवसर पर श्रम विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, नेडा, आयुष विभाग, जिला उद्योग केंद्र, जिला पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा जनसेवा शिविर लगाए गए। शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
अपने संबोधन में माननीय प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के रोजगार, आधारभूत संरचना के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल सेवाओं की पहुंच तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है।
इसके पश्चात मंत्री ने ग्रामवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। चौपाल में प्राप्त विभिन्न शिकायतों और मांगों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कराया गया, जबकि अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।
कार्यक्रम में मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच, भाजपा जिला अध्यक्ष चैनपाल सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राज करन नैय्यर, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, ब्लॉक प्रमुख मुरादनगर राजीव त्यागी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनता की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।








