आयुष चिकित्सालयों में इलाज की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित हो -डॉ. दयाशंकर मिश्र ’दयालु’
आयुष विभाग की सभी अधिकारी एवं कर्मचारी का अवकाश निरस्त करने के दिये निर्देश

उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एमओएस) डॉ. दयाशंकर मिश्र ’दयालु’ ने आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित सभी चिकित्सा महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में इलाज की सुचारु एवं सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में योग्य चिकित्सकों की तैनाती एवं आवश्यक औषधियों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
डॉ. दयालु ने भारत-पाकिस्तान युद्ध की वर्तमान स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्रिम आदेशों तक किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत न किया जाए। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में आयुष चिकित्सालयों को तत्पर एवं सक्षम रहना होगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि प्रदेश की जनता को निर्बाध एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो सकें।








