सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर उच्च शिक्षा विभाग सक्रिय, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की समीक्षा बैठक

ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण पर जोर, सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने के निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हों अधिकतर बैठकें, अनावश्यक यात्रा कम करने की पहल

योगी सरकार का अभियान बने जन-आंदोलन, विश्वविद्यालयों को भी जोड़ने का आह्वान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दुनिया में चल रहे युद्धों से उत्पन्न वैश्विक संकट के  दृष्टिगत देश और देशवासियों के हित में किए गये आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गुरुवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन की बचत करने, स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाने की अपील तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हुए कार्यालय आएं और जाएं, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान सुनिश्चित हो सके।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली में भी बदलाव लाने पर बल देते हुए निर्देशित किया कि अधिकतम बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएं, जिससे अनावश्यक यात्रा कम हो और समय एवं संसाधनों की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी कुलपतियों, निदेशालय अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को अपने-अपने संस्थानों में प्रभावी ढंग से लागू करें तथा छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को भी इसमें सहभागी बनाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव एम.पी. अग्रवाल और सचिव अमृत त्रिपाठी के अलावा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों तथा उच्च शिक्षा निदेशालय से जुड़े 100 से अधिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Back to top button
btnimage