बिना वास्तविक प्रदूषण जांच के PUCC जारी करने वाले 20 प्रदूषण जांच केन्द्रों के प्राधिकार-पत्र निलम्बित

बिना वास्तविक प्रदूषण जांच के PUCC जारी करने वाले 20 प्रदूषण जांच केन्द्रों के प्राधिकार-पत्र निलम्बित

लखनऊ, 14 नवम्बर 2026

प्रदेश में वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण जांच व्यवस्था को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त प्रदूषण जांच केन्द्रों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। पूरे प्रदेश में 20 प्रदूषण जांच केन्द्रों के प्राधिकार-पत्र अग्रिम आदेशों तक निलम्बित किए गए है।

यह जानकारी देते हुए परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि विभाग ने विभिन्न जनपदों के सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारियों (प्रशासन) के माध्यम से प्रदूषण जांच केन्द्रों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण में विभिन्न जनपदों में संचालित प्रदूषण जांच केन्द्रों की कार्यप्रणाली एवं निर्धारित मानकों एवं तकनीकी प्रक्रिया के उल्लंघन के मामले सामने आने पर इसे गंभीरता से लेते हुए सम्बन्धित प्रदूषण जांच केन्द्रों के संचालकों को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया तथा कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया।

परिवहन आयुक्त ने बताया कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं करने वाले 20 प्रदूषण जांच केन्द्रों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश ऑनलाइन मोटरयान प्रदूषण जांच केन्द्र योजना-2020 के प्रस्तर-7(i) के अन्तर्गत उनके प्राधिकार-पत्र अग्रिम आदेशों तक निलम्बित किए गए है।

निलम्बन अवधि के दौरान सम्बन्धित 20 प्रदूषण जांच केन्द्रों द्वारा किसी भी वाहन की प्रदूषण जांच किया जाना अथवा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUCC) जारी किया जाना अनुमन्य नहीं होगा। इस आदेश का उल्लंघन किए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन आयुक्त ने सभी संभागीय/ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह सुनिश्चित करें कि प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त प्रदूषण जांच केन्द्र निर्धारित मानकों, तकनीकी प्राविधानों एवं निर्धारित प्रक्रिया का पूर्णतः अनुपालन करते हुए ही वाहनों की प्रदूषण जांच करे,बिना वास्तविक जांच के प्रमाण-पत्र जारी करना अथवा जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बरतना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, वाहनों की वास्तविक प्रदूषण स्थिति का सही आकलन सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण जांच प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रदूषण जांच केन्द्रों का निरीक्षण एवं निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले केन्द्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage