प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बृहद सफाई अभियान का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आंतरिक और बाह्य चुनौतियों का समाधान कर विश्व में बढ़ा भारत का मान-सुरेश कुमार खन्ना

लखनऊः 17 सितम्बर, 2026

उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा आयोजित बृहद सफाई अभियान का शुभारंभ किया।

वित्त मंत्री ने हजरतगंज में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल तथा वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमाओं एवं उनके आसपास स्थित चबूतरों की स्वयं सफाई और धुलाई की। इसके उपरांत उन्होंने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

खन्ना ने सफाई अभियान का शुभारंभ करते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार अथवा नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। लोग इस अभियान से जुड़कर इसे आगे बढ़ाएं तथा अपने घर, मोहल्ले, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार करें। जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को एक प्रभावी जनांदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

वित्त मंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री एवं विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में अग्रणी नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि पीएम मोदी इसी प्रकार अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश और समाज का मार्गदर्शन करते रहें।

सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में कदम रखने के बाद से सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्रहित के क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनकी असाधारण कर्मठता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की छाप आज पूरी दुनिया में दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में भारत ने आंतरिक और बाह्य, दोनों ही मोर्चों पर उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। देश के सामने उपस्थित चुनौतियों को टालने के बजाय प्रधानमंत्री ने उनका दृढ़तापूर्वक सामना करते हुए दूरगामी और प्रभावी समाधान दिए। उनके नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा, सामर्थ्य और स्वीकार्यता अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है। ऐसे कर्मयोगी प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिवस पर नमन करते हुए पूरा देश उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना कर रहा है।

इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage