मंत्री ए.के शर्मा ने दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण किया वितरित

समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता, मधुबन, दोहरीघाट एवं मऊ के विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे

लखनऊ, 07 जून 2026

प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मधुबन क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, डुमरी मर्यादपुर, मऊ में आयोजित एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में 2500 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि मधुबन और दोहरीघाट क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा से उनका जुड़ाव आज का नहीं है। कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने निरंतर क्षेत्र के लोगों की सहायता की और तब से लेकर आज तक क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

मधुबन, दोहरीघाट एवं मऊ के विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे

मंत्री शर्मा ने कहा कि मऊ जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मधुबन, दोहरीघाट और पूरे मऊ जिले के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी तथा सड़क, बिजली, पेयजल, नगरीय सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र का चौतरफा विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान हजारों दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। लाभार्थियों ने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण प्राप्त कर सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों का मंत्री ने हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Back to top button
btnimage