अयोध्या : लाला का पुरवा गंडई गांव में भीषण आग, पिता-पुत्र का घर जलकर राख

अयोध्या। बीकापुर तहसील के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लाला का पुरवा गंडई गांव में मंगलवार की आधी रात अज्ञात कारणों से लगी आग में एक ही परिवार के चार छप्पर सहित घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।

गांव निवासी दुर्गा प्रसाद के आवासीय छप्पर में मंगलवार रात करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में बने पुत्र शेष कुमार तथा विजय कुमार के तीन छप्पर व परचून की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटों में एक गाय झुलसकर घायल हो गई।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कूलर, पंखा, चारपाई, बिस्तर, रजाई, गद्दा, अनाज और पशुओं का भूसा समेत घर की सारी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। आग की तपिश से कई पेड़ भी झुलस गए।

ग्राम प्रधान बलराम यादव ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना पर बुधवार को हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर आहेतुक आर्थिक सहायता दिलाने के लिए रिपोर्ट तैयार की।

नायब तहसीलदार रामखेलावन ने बताया कि राजस्व कर्मियों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage