UP_Dy_CM ने माध्यमिक शिक्षा विभाग का वार्षिक शैक्षिक कैलेण्डर निर्धारित किये जाने के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश।
UP_Dy_CM डॉ. दिनेश शर्मा बापू भवन द्वितीय तल स्थित सभाकक्ष में माध्यमिक शिक्षा विभाग का वार्षिक शैक्षिक कैलेण्डर निर्धारित किये जाने के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक माध्यमिक विद्यालय में त्रैमासिक रूप से शिक्षक-अभिभावक समिति की बैठक की जाय, जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति साझा की जाय। विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड में अभिभावक की उपस्थिति का भी अंकन हो। विद्यालयों में प्रतिवर्ष वार्षिकोत्सव तथा पुरा-छात्र सम्मेलन का आयोजन किया जाय।
UP_Dy_CM डॉ. दिनेश शर्मा ने निर्देश दिये कि माध्यमिक शिक्षा में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए प्रत्येक विद्यालय में जुलाई के प्रथम सप्ताह में आज की बैठक में पारित शैक्षिक पंचांग उपलब्ध कराया जाय। जनसामान्य को जानकारी प्रदान करने के लिए उक्त शैक्षिक पंचांग विभाग की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाय। विद्यालयों में न्यूनतम 220 दिन शिक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाय। शैक्षिक पंचांग के अनुसार पठन-पाठन सुनिश्चित करने के लिए तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता का पर्यवेक्षण करने के लिए प्रत्येक जनपद हेतु एक नोडल अधिकारी नामित किया जाय। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उ.प्र., इलाहाबाद संकेतक उपलब्ध करायेगा। प्रत्येक मण्डल में दो आदर्श राजकीय इण्टर कालेज विकसित किया जाय। आदर्श विद्यालय में समस्त अवस्थापना सुविधाएं उच्च कोटि की हों तथा नवीन पाठ्यक्रम के अनुरूप इनमें कार्यरत शिक्षकों की दक्षता संवर्द्धित की जाय।

UP_Dy_CM डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि महापुरूषों के जयन्ती दिवस पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कर उनके योगदान के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाय। जयन्ती दिवस पर सार्वजनिक अवकाश की दशा में एक दिन पूर्व कार्यक्रम आयोजित किया जाय। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यरत शिक्षकों की सेवा सम्बन्धी समस्याओं/शिकायतों को पंजीकृत करने के लिए निदेशालय स्तर पर पृथक ईमेल बनायी जाय तथा उसका सर्वसम्बन्धित तक प्रचार-प्रसार किया जाय। उक्त ईमेल पर दिनांक 30 जून 2018 तक शिकायतें प्राप्त कर 15 जुलाई, 2018 तक अभियान चलाकर निस्तारण किया जाय। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय तथा परिषद् कार्यालय की वेबसाईट को अद्यतन रखा जाय और महत्वपूर्ण कार्यों को नियमित रूप प्रदर्शित किया जाय।
UP_Dy_CM डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं हेतु केन्द्र निर्धारण के लिए आधारभूत आंकड़े वेबसाइट पर नये सिरे से दर्ज करायें जायें तथा उनका सत्यापन कराया जाय। जिन विद्यालयों में CCTV कैमरे की निगरानी में पठन-पाठन कराया जा रहा है तथा उपस्थिति हेतु बायोमिट्रिक डिवाईस का प्रयोग किया जा रहा है, उन विद्यालयों को केन्द्र निर्धारण में अतिरिक्त अंक प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के अकादमिक पक्ष को मजबूत किया जाये, इसके लिए संरचनात्मक सुधार हेतु निदेशक एकेडमिक नियुक्त करने के विचार पर चर्चा हुई। बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र के ब्लू प्रिन्ट एवं डिजाइन के संशोधन पर विचार किया गया तथा वर्तमान सत्र में बोर्ड परीक्षा को 15 से 20 दिनों में सम्पन्न करने के निर्देश दिये गये। अकादमिक विषयों के अतिरिक्त मूल्य शिक्षा, आपदा प्रबन्धन शिक्षा एवं जीवन कौशल शिक्षा को समेकित किये जाने पर भी विचार किया गया।
बैठक में संजय अग्रवाल अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा, सन्ध्या तिवारी सचिव माध्यमिक शिक्षा, बी. चन्द्रकला विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा, चन्द्र विजय सिंह विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा, साहब सिंह निरंजन शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) उ.प्र., नीना श्रीवास्तव सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद्, इलाहाबाद के साथ माध्यमिक शिक्षा एवं परिषद से सम्बन्धित शासन एवं विभाग के विभिन्न अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया। बैठक में विषेश रूप से आमंत्रित अशोक गांगुली, पूर्व चेयरमैन, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली, एन. मुरलीधरन, चाईल्ड इण्डिया भी उपस्थित रहे।






