मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगंज स्थित अग्निकाण्ड स्थल का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री ने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचकर वहां भर्ती घायल लोगों से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना, घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए

दिवंगत लोगों के परिजनों को 05-05 लाख रु0 और घायलों को 50-50 हजार रु0 की आर्थिक सहायता की घोषणा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगंज स्थित अग्निकाण्ड स्थल पहुंचकर बिल्डिंग का निरीक्षण किया और शासन व प्रशासन के अधिकारियों से हादसे की पूरी जानकारी ली। उन्होंने बगल के भवन की छत पर जाकर भी स्थिति के बारे में जाना। उन्होंने अग्निकाण्ड में जान गंवाने वाले बच्चों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत लोगों के परिजनों को 05-05 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।

मुख्यमंत्री घटनास्थल से सीधे किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचे और वहां भर्ती कराए गए घायल लोगों से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना। उनसे आग लगने के कारणों और घटना के बारे में सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया तथा के0जी0एम0यू0 प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

ज्ञातव्य है कि इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने अपने जनपद अलीगढ़ का दौरा बीच में ही रद्द कर राजधानी लखनऊ लौट आए।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को सद्गति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इस हृदयविदारक दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं हो सकता है। प्रदेश सरकार सभी पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता से खड़ी है।









