यूपी में अब 100 किमी प्रति घंटा से भी ज्यादा स्पीड से चला सकेंगे वाहन

प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे पर एम 1 श्रेणी के वाहन 120 किमी प्रति घंटा, एम 2 व एम3 श्रेणी के वाहन 100 किमी प्रति घंटा, सभी एन श्रेणी के वाहन और मोटर साईकिल 80 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चला सकेंगे वाहन

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उ0प्र0 एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के निदेशक मण्डल की 91वीं बोर्ड बैठक संपन्न

यूपीडा के संचालित एक्सप्रेसवेज पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा को संशोधित किये जाने का लिया गया निर्णय

मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में उ0प्र0 एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के निदेशक मण्डल की 91वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई।

बैठक में यूपीडा के संचालित एक्सप्रेसवेज पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा, संशोधन के संबंध प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसके तहत यूपीडा के अधीन संचालित एक्सप्रेसवेज पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की अद्यतन अधिसूचना दिनांक 06 अप्रैल, 2018 के अनुसार संशोधित किये जाने का निर्णय लिया गया।

इस निर्णय के तहत प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे पर चालक की सीट के अतिरिक्त अधिकतम आठ सीटों वाले यात्रियों के परिवहन के लिए उपयोग किए जाने वाले मोटर वाहन (एम 1 श्रेणी के वाहन) के  लिए अधिकतम गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा नियत की गई है। इसी प्रकार चालक की सीट के अतिरिक्त अधिकतम नौ या अधिक सीटों वाले यात्रियों को ले जाने के लिए उपयोग किए जाने वाले मोटर वाहन (एम 2 और एम3 श्रेणी के वाहन) के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा, माल ढुलाई के लिए प्रयुक्त मोटर वाहन (सभी एन श्रेणी के वाहन) तथा मोटर साईकिल के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

उल्लेखनीय है कि अभी तक यूपीडा के अधीन संचालित एक्सप्रेसवेज पर कार के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा तथा मिनी बस, माल ढोने के वाहनों व मोटर साइकिल के लिए 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित थी।

बैठक में यूपीडा के एसीईओ हरि प्रताप शाही सहित बोर्ड के पदाधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage