UPCM ने ‘BJP पिछड़ा वर्ग मोर्चा उत्तर प्रदेश सामाजिक प्रतिनिधि बैठक’ को सम्बोधित किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने लोक निर्माण विभाग के विश्वेश्वरैया हाॅल में आयोजित ‘भाजपा-पिछड़ा वर्ग मोर्चा उत्तर प्रदेश सामाजिक प्रतिनिधि बैठक’ को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार वीरांगना अवन्ती बाई का बहुत सम्मान करती है और उनके नाम पर मार्गों, स्मारकों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने एटा जनपद में स्थापित किए जा रहे मेडिकल काॅलेज का नामकरण वीरांगना अवन्ती बाई के नाम पर करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वीरांगना अवन्ती बाई को पाठ्यक्रम में स्थान दिया गया है।
UPCM ने कहा कि किसी भी समाज को अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए। लोधी समाज अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव रखता है। उन्होंने कहा कि लोधी समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। सन् 1857 की क्रान्ति में लोधी समाज के लोग भारत के विभिन्न भागों में अंग्रेजों के खिलाफ लड़े। स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवन्ती बाई ने जो योगदान दिया, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने सन् 1857 में ही अंग्रेजों का विरोध किया था। लोधी समाज के लोग अपने पराक्रम, साहस और शौर्य के लिए जाने जाते हैं। राष्ट्र की एकता, अखण्डता और अस्मिता से लोधी समाज ने कभी समझौता नहीं किया।

UPCM ने कहा कि लोधी समाज का नेतृत्व करने वाले कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने वर्ष 1992 में रामजन्म भूमि आन्दोलन के लिए जो बलिदान दिया, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने वर्ष 2004 से 2014 तक के कालखण्ड का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली U.P.A. सरकार ने देश का सत्यानाश कर दिया। इस कालखण्ड में घोटालेबाजों, भ्रष्टाचारियों तथा देश विरोधियों का बोलबाला था। देश के लोकतंत्र के लिए भी खतरा था। वर्तमान में कांग्रेसी नेताओं ने देश, समाज और लोकतंत्र पर जो बयान दिये हैं, वे अत्यन्त घातक हैं।
UPCM ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के कार्यकालों के दौरान आतंकियों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे जानबूझकर वापस लिए गए और देश की सुरक्षा को खतरे में डाला गया। यह दल आज भी भारत के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। भारत के महापुरुषों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जब विदेश जाते हैं, तो सभी देश उन्हें हाथों-हाथ लेते हैं। इस प्रकार देश का सम्मान बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री ने किया है।
UPCM ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की ही देन है कि योग और कुम्भ को U.N. में मान्यता मिली। पिछली सरकारों के दौरान कुम्भ जैसे आयोजन को साम्प्रदायिकता का रंग देकर और अफवाहें फैलाकर बदनाम करने की कोशिश की गई। आज प्रधानमंत्री के प्रयासों से कुम्भ को यूनेस्को द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये सभी दल देश विरोधी हैं और लोगों को बरगलाकर देश का विभाजन करना चाहते हैं। इनके लिए वीरांगना अवन्ती बाई का बलिदान कोई महत्व नहीं रखता है।

UPCM ने कहा कि आजादी के बाद भी राजनैतिक शक्तियों ने विभेदकारी नीति के माध्यम से शासन पर कब्जा बनाए रखा, जिससे देश विकास के दौड़ में काफी पीछे रह गया। आजादी के 70 साल बाद भी देश और प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इसका बड़ा कारण सत्ताधारी शक्तियों का बंटवारा करके राज करने की नीति ही रही है। लेकिन देश की जनता ऐसी राजनीतिक शक्तियों की मंशा को अच्छी तरह से समझने लगी है।
UPCM ने लोधी समाज के नेतृत्व का आह्वान करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। दुनिया की सबसे बड़ी बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ का लाभ सभी गरीबों को मिले यह भी सुनिश्चित किया जाए। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं का पूरा लाभ गरीबों को मिले इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए।
UPCM ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हुए देश व प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों की खुशहाली हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। केन्द्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पिछड़े वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए निरन्तर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने सुशासन के माध्यम से ‘सबका साथ, सबका विकास’ करने का जो संकल्प लिया है, उसका पूरी तरह अनुसरण करते हुए प्रदेश सरकार भी राज्य की जनता की सेवा कर रही है।
UPCM ने कहा कि लोक कल्याण के प्रति समर्पित प्रदेश सरकार ने बगैर किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में फैसले लिए हैं। गांव, गरीब, किसान एवं नौजवान सहित कमजोर व पिछड़े वर्गों का उत्थान हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। केन्द्र सरकार व राज्य सरकार आपको सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वर्तमान केन्द्र और राज्य सरकारें लोधी समाज के उत्थान व कल्याण के लिए हमेशा प्रयासरत रहेगी। उन्होंने कहा कि लोधी समाज प्रगतिशील समाज है और देश के निर्माण में यह समाज अपनी भूमिका ऐसी ही निभाता रहेगा।
बैठक को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद राजवीर सिंह, अध्यक्ष समाज कल्याण निर्माण निगम बीएल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराम निषाद, प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा सांसद राजेश वर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सह प्रभारी बृज बहादुर, अनीता राजपूत, देवेन्द्र प्रताप सिंह, विपिन वर्मा, डी.सी. वर्मा, किशनलाल राजपूत आदि उपस्थित रहे।








