मुख्यमंत्री ने वाराणसी में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों एवं विभागीय अभियन्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध करायी जाए, कार्ययोजना तैयार करते समय धनराशि स्वीकृत हो एवं टेण्डर प्रक्रिया भी साथ में की जाए, कोई वेटिंग न हो

निर्माण कार्यों को अभियान चलाकर मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए : मुख्यमंत्री

कार्यों में गति लाने के लिए मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर बैठक कर समीक्षा करें

नगर निगम द्वारा नगरीय क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को अवश्य शामिल किया जाए

वाराणसी में यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद वाराणसी में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों एवं विभागीय अभियन्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वाराणसी मण्डल में निर्माणाधीन एवं गतिमान परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को अभियान चलाकर मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्ण होने वाली परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए बरसात के पूर्व ही पूर्ण करा लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा वाराणसी मण्डल में कराए जाने वाले नए कार्यों से सम्बन्धित परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि वाराणसी क्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये की 2,630 परियोजनाएँ चालू हैं। इनमें से 687 कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण तथा 542 कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। जनपद वाराणसी में 3,223 करोड़ रुपये के 421 कार्य गतिमान हैं। इनमें से 85 कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण तथा 158 कार्य 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के गत् वर्ष के कार्यों के प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध करायी जाए। कार्ययोजना तैयार करते समय धनराशि स्वीकृत हो एवं टेण्डर प्रक्रिया भी साथ में की जाए, कोई वेटिंग न हो। कार्यों में गति लाने के लिए मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर बैठक कर समीक्षा करें, ताकि निर्माण कार्यों की हर हालत में प्रगति सुनिश्चित होती रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सड़कों का मरम्मत करायी जानी हो, उनका पहले सर्वे अवश्य करा लिया जाए। नगर निगम द्वारा नगरीय क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को अवश्य शामिल किया जाए। सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करके ही कार्य शुरू कराए जाएं, ताकि हर हालत में कार्य समय से पूर्ण हो और आमजनमानस को सहूलियत हो।

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान जनपद चन्दौली में बनने वाले इण्टीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के अभियन्ताओं ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इण्टीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स का 18 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वाराणसी में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित कराए जाने वाले यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिए।

इससे पूर्व, प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग ने मुख्यमंत्री के समक्ष एक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से वाराणसी परिक्षेत्र के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ’दयालु’, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage