अयोध्या: जानलेवा हमले का पुलिस ने किया खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
बाइक, डंडा और लोहे की रॉड बरामद, पुरानी रंजिश में दिया गया था वारदात को अंजाम

अयोध्या/बीकापुर।
तारुन थाना क्षेत्र के सोनौरा गाऊपुर में हुए बहुचर्चित जानलेवा हमले का पुलिस ने मंगलवार को सफल अनावरण कर दिया। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त बाइक, डंडा और लोहे की रॉड बरामद की है।
घटना के बाद हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को पटेल समाज के अधिवक्ताओं और ग्रामीणों ने तारुन थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया था। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी।
बताया गया कि 8 दिसंबर को सोनौरा गाऊपुर निवासी शिवकुमार वर्मा डेयरी पर दूध देने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें भवानीगढ़ जंगल के पास रोका और लाठी-डंडा व धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के समय स्कूल जा रहे घायल के बेटे आयुष उर्फ शनि ने शोर मचाया, जिस पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शिवकुमार वर्मा की जान बचाई।
इस मामले में घायल की पत्नी संगीता वर्मा की तहरीर पर एक नामजद आरोपी नागेन्द्र तिवारी सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ तारुन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पीड़िता का आरोप है कि 7 दिसंबर को आरोपी ने घर आकर धमकी दी थी और अगले दिन घटना को अंजाम दिया गया।
गंभीर रूप से घायल शिवकुमार वर्मा का उपचार मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर में चल रहा है। सरदार सेना द्वारा भी पीड़ित के घर पहुंचकर रोष व्यक्त किया गया था।
एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी एवं क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि एसएसपी के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को घटना का सफल खुलासा किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
नागेन्द्र तिवारी निवासी सोनौरा गाऊपुर, तारुन
बृजेश तिवारी निवासी कंधई तिवारी का पुरवा, सोनौरा गाऊपुर
पवन पाठक उर्फ विकास निवासी पलिया गोवापुर, पूराकलंदर
आदर्श यादव उर्फ भोलू निवासी बीबीपुर, पूराकलंदर
नरेन्द्र पाण्डेय निवासी साल्हेपुर निमैचा, थाना रौनाही
प्रेम तिवारी उर्फ रिंकू निवासी सेनपुर, थाना भीटी, अंबेडकरनगर
अभिषेक गौड़ निवासी सेनपुर, थाना भीटी, अंबेडकरनगर
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नागेन्द्र तिवारी और घायल शिवकुमार वर्मा के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते जान से मारने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के अनावरण में हैदरगंज थाना अध्यक्ष विवेक राय, तारुन थाना अध्यक्ष संदीप त्रिपाठी, अपराध शाखा की सर्विलांस टीम और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








