DRM सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ–अयोध्या–शाहगंज-जौनपुर–सुलतानपुर–लखनऊ रेल खण्ड का निरीक्षण किया

अयोध्या धाम स्टेशन पर “सावन झूला मेला” के दृष्टिगत भीड़ प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा

11 जुलाई 2025 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार वर्मा द्वारा लखनऊ–अयोध्या–शाहगंज-जौनपुर–सुलतानपुर–लखनऊ रेल खण्ड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेल खण्ड की संरक्षा, संरचना, ट्रैक की स्थिति एवं सिगनलिंग व्यवस्था का अवलोकन किया गया।
मण्डल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार वर्मा सर्वप्रथम सफेदाबाद स्टेशन पहुंचे जहाँ उन्होंने स्टेशन अधीक्षक कक्ष, रिले रूम तथा स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये। इसके पश्चात मण्डल रेल प्रबंधक का आगमन अयोध्या कैंट स्टेशन पर हुआ , जहाँ उन्होंने एयर कॉनकोर्स, यात्री प्रतीक्षालय, लोको पायलट एवं गार्ड लॉबी की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया।
अयोध्या में आगामी सावन मेले के दौरान संभावित यात्रियों की भीड़ एवं आवश्यक तैयारियों के संबंध में मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा आयुक्त (कमिश्नर), अयोध्या एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में भीड़ प्रबंधन से संबंधित रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। निरीक्षण के अगले क्रम में मण्डल रेल प्रबंधक अयोध्या धाम स्टेशन पहुँचे, जहां प्रतिवर्ष सावन माह में आयोजित होने वाले सावन झूला मेले के दृष्टिगत उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, अतिरिक्त टिकट काउंटर की स्थापना एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। इसके पश्चात लेवल क्रॉसिंग संख्या 108A–C2 का निरीक्षण कर संरक्षा मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण के अगले क्रम मे आपने अकबरपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन की एप्रोच रोड की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार हेतु निर्देशित किया।इसके उपरांत मण्डल रेल प्रबंधक ने अकबरपुर स्थित रेलवे कॉलोनी का भी दौरा किया और वहाँ कार्यरत रेल कर्मचारियों व उनके परिवार जन से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। इसके बाद आपका आगमन शाहगंज स्टेशन पर हुआ जहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को देखा एवं स्टेशन बिल्डिंग, पार्सल एवं बुकिंग कार्यालय का निरीक्षण किया एवं स्टेशन पर उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं मीडिया कर्मियों से संवाद कियाl  
मण्डल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान कहा कि “यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं स्वच्छता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। रेलवे का प्रयास है कि हर यात्री को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो।” आज के इस निरीक्षण में अपर मण्डल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलिमा सिंह सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage