UPCM ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की आॅनलाइन शिक्षक स्थानान्तरण प्रणाली का शुभारम्भ किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने शास्त्री भवन में माध्यमिक शिक्षा विभाग की आॅनलाइन शिक्षक स्थानान्तरण प्रणाली का शुभारम्भ किया। इसके तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के आॅनलाइन स्थानान्तरण की सूचना शिक्षकों को मिलेगी और वे अपने स्थानान्तरण आदेश की प्रति भी प्राप्त कर सकेंगे। यह आॅनलाइन स्थानान्तरण प्रणाली स्थानान्तरण सत्र-2018 में लागू की गई है।

UPCM ने इस अवसर पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आॅनलाइन स्थानान्तरण प्रक्रिया से शिक्षकों को एक नई पारदर्शी व्यवस्था सुलभ होगी और शिक्षकों की स्थानान्तरण सम्बन्धी कठिनाइयों का निस्तारण होगा। उन्होंने इस आॅनलाइन स्थानान्तरण प्रक्रिया के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा शिक्षक/शिक्षिकाओं को पूर्व में स्थानान्तरण की प्रक्रिया में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस आॅनलाइन प्रक्रिया से स्थानान्तरण प्रणाली को सरल बनाने में मदद मिलेगी।
UPCM को इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा संजय अग्रवाल ने बताया कि आॅनलाइन स्थानान्तरण प्रक्रिया के अधीन प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पुरुष/महिला शिक्षक/शिक्षिकाओं से 1412 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से विद्यालय/जनपद स्तर पर परीक्षणोपरान्त 702 आवेदन पत्र अनुपयुक्त पाए गए तथा 710 आवेदन पत्र स्थानान्तरण हेतु उपयुक्त पाए गए। इन आवेदन पत्रों में से मानक एवं गुणांक के आधार पर अधिक गुणांक वाले स्थानान्तरण हेतु पात्र पाए गए 581 शिक्षक/शिक्षिकाओं का स्थानान्तरण आदेश निर्गत किया गया, जिसमें से 432 शिक्षकों को प्रथम वरीयता वाले विद्यालयों में स्थानान्तरित किया गया।
शिक्षक/शिक्षिकाओं के स्थानान्तरण पूर्व वर्षों में प्रार्थना-पत्र प्राप्त होने पर उनके अनुरोध पर विभाग द्वारा किए जाते रहे हैं। इस आॅनलाइन स्थानान्तरण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने हेतु यह भी व्यवस्था की गई है कि कोई भी विद्यालय शिक्षक विहीन न रहे, ऐसी स्थिति में प्रत्येक विद्यालय में कम से कम 02 शिक्षक अवश्य रहने की व्यवस्था की गई है। सम्पूर्ण प्रक्रिया NIC द्वारा विकसित वेबसाइट पर पूर्ण की गई। आॅनलाइन प्रक्रिया निर्धारित समय सारिणी के अनुसार दिनांक 10 मई, 2018 से प्रारम्भ हुई तथा दिनांक 6 जून, 2018 को पूर्ण हुई।
इस प्रणाली द्वारा प्रदेश के शिक्षक/शिक्षिका वेबसाइट खोलकर कहीं से भी अपना आवेदन कर सकते थे, जहां उनसे सम्बन्धित प्रदेश के सभी विद्यालयों के रिक्त पदों की सूचना वेबसाइट पर उपलब्ध थी। इन रिक्त पद वाले विद्यालयों से अपने इच्छित जनपद/विद्यालय में से अधिकतम पांच विद्यालयों का स्थानान्तरण हेतु चयन करने का अवसर प्रदान किया गया। आवेदन करने वालों आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ होने से लेकर अंतिम चरण तक की कार्यवाही को चरणबद्ध तरीके उनके पंजीकृत मोबाइल पर संदेश दिए जाने की व्यवस्था भी की गई।
वर्तमान में प्रदेश में 2295 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 790 इण्टर काॅलेज बालक/बालिका तथा 1505 हाईस्कूल बालक/बालिका के संचालित हैं। इन विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के पदों पर 7191 शिक्षक/शिक्षिका कार्यरत हैं तथा प्रवक्ता के पदों पर 3152 शिक्षक/शिक्षिका कार्यरत हैं।
यह स्थानान्तरण प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित किए गए मानक/गुणांक के आधार पर कार्यवाही कर पूर्ण की गई।
आॅनलाइन शिक्षक स्थानान्तरण प्रणाली के शुभारम्भ अवसर पर UP_Dy_CM डाॅ. दिनेश शर्मा, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, सूचना निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार, माध्यमिक शिक्षा निदेशक साहब सिंह निरंजन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।








