#LDA ने खाली करायी 10 करोड़ की जमीन, अवैध रेस्त्रां पर चला बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध कब्जे/अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शनिवार को विभूतिखण्ड में अवैध रेस्त्रां को तोड़कर करोड़ों की जमीन खाली करायी गयी।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि विभूतिखण्ड में चंदन अस्पताल के पीछे खसरा संख्या 759 प्राधिकरण की अर्जित व नियोजित भूमि है। इस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके ‘द प्लैटर कैफे’ खोल लिया गया था। उक्त प्रकरण में प्राधिकरण द्वारा अवैध कब्जेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गई थी। साथ ही उपाध्यक्ष द्वारा अतिक्रमण हटाकर जमीन को खाली कराये जाने के सम्बंध में निर्देश दिये गए थे।
उक्त आदेशों के अनुपालन में आज अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह व तहसीलदार शशिभूषण पाठक के नेतृत्व में प्राधिकरण पुलिस बल व विभूतिखण्ड थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध कब्जे को ध्वस्त करके जमीन खाली करा ली गयी।
तहसीलदार शशिभूषण पाठक ने बताया कि खाली करायी गई जमीन का क्षेत्रफल लगभग 450 वर्ग मीटर है और इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रूपये है।










