एलडीए ! साहस और शौर्य को सम्मान, चक्र विजेता व उनके आश्रितों को फ्लैटों पर मिलेगी छूट 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ विकास प्राधिकरण बोर्ड ने पारित किया प्रस्ताव 

विभिन्न योजनाओं में निर्मित बहुमंजिला अपार्टमेंट्स की कीमतों पर 2.5 से 7.5 प्रतिशत तक की मिलेगी छूट 
एलडीए 01 वर्ष तक नहीं बढ़ाएगा फ्लैटों के दाम, ‘पहले आओ-पहले पाओ योजना’ के तहत पुरानी दरों पर फ्लैट खरीद सकेंगे लोग 
देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्राणों की परवाह किये बिना बहादुरी दिखाने वाले जवानों व उनके आश्रितों को एलडीए विशेष छूट पर फ्लैट देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ विकास प्राधिकरण बोर्ड ने सामाजिक सरोकार के इस प्रस्ताव को पारित कर दिया है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देश की सेवा में तत्पर सैनिकों व नागरिकों को उनकी वीरता, बलिदान व असाधारण शौर्य को सम्मान देने की शासन की नीतियों के क्रम में यह प्रस्ताव लाया गया है। इसके अंतर्गत परमवीर चक्र एवं अशोक चक्र से सम्मानित जवानों को 7.5 प्रतिशत, महावीर चक्र एवं कीर्ति चक्र प्राप्त करने वाले वीर जवानों को 5 प्रतिशत और वीर चक्र एवं शौर्य चक्र विजेताओं को फ्लैट की धनराशि पर 2.5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह विशेष छूट जवानों अथवा उनके आश्रितों को एक ही सम्पत्ति पर दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त 45 से 90 दिन के अंदर फ्लैट की पूर्ण धनराशि जमा करने पर दी जाने वाली 6 से 3 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। एलडीए की इस पहल से देश की रक्षा में असाधारण योगदान देने वाले जवानों व उनके परिवार की न सिर्फ आवासीय जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ेगा। इससे समाज में देशभक्ति की भावना और अधिक सशक्त होगी।
 अच्छी खबरः नहीं बढ़ेगी फ्लैटों की कीमत 
एलडीए अपने अपार्टमेंट्स में फ्लैटों की कीमत नहीं बढ़ाएगा। इसके लिए कीमतों को एक साल के लिए फ्रीज कर दिया गया है। सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि एलडीए की विभिन्न योजनाओं में रिक्त फ्लैटों को ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना के अंतर्गत विक्रय किया जा रहा है। इसमें मुख्यतः कानपुर रोड योजना, शारदा नगर योजना, सीतापुर रोड योजना, देवपुर पारा योजना, ऐशबाग हाईट्स के फ्लैट शामिल हैं। इनकी कीमतों को पहले की तरह दिसम्बर, 2026 तक के लिए फ्रीज कर दिया गया है। जिससे लोग पुरानी दरों पर ही भवन खरीद सकेंगे।

Related Articles

Back to top button
btnimage