शारदा नगर योजना में जरूरतमंदों के लिए एलडीए बनाएगा 1100 ईडब्ल्यूएस भवन
लखनऊ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष/मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुयी प्राधिकरण बोर्ड की 186वीं बैठक में विकास एवं जनहित के कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी

लखनऊ विकास प्राधिकरण शारदा नगर योजना में जरूरतमंदों के लिए 1100 ई0डब्ल्यू0एस0 भवन बनाएगा। इसके लिए योजना के ले-आउट में संशोधन किया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष/मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को पारिजात सभागार में हुयी प्राधिकरण बोर्ड की 186वीं बैठक में विकास एवं जनहित के ऐसे कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। शासन से अनुमोदन प्राप्त होते ही इन्हें लागू कर दिया जाएगा।
बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार गोयल, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक कृष्ण मोहन, प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सी0पी0 त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम, बोर्ड के सदस्य पुष्कर शुक्ला एवं पी0एन0 सिंह समेत सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री ने हाल ही में सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के लाभार्थियों को आवंटन पत्र प्रदान किया था। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण को शहर में गरीबों के लिए और आवास बनाने के निर्देश दिये थे। जिसके अनुपालन में अब शारदा नगर योजना में जरूरतमंदों के लिए 1100 ई0डब्ल्यू0एस0 भवन बनाए जाएंगे। इसके लिए योजना के तलपट मानचित्र में संशोधन के प्रस्ताव को बोर्ड से अनुमति मिल गयी है। उन्होंने बताया कि योजना में जलकल विभाग को एसटीपी बनाने के लिए 3.6 हेक्टेयर भूमि दी जाएगी। शेष भूमि को अलग से नियोजित करते हुए वहां गरीबों के लिए आवास बनाये जाएंगे।








