गिरिजा शंकर तिवारी बने दूसरी बार अध्यक्ष,12वीं बार महामंत्री बने गिरीश चन्द्र मिश्र
रोडवेज़ परिषद की केन्द्रीय कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न

रोडवेज़ कर्मचारी संयुक्त परिषद, उ0प्र0 की केन्द्रीय प्रबंध समिति की, प्रदेश भर में स्थापित 200 से अधिक प्राथमिक इकाईयों व 20 क्षेत्रीय इकाईयों तथा विशिष्ट इकाई के वार्षिक चुनाव सम्पन्न होने के उपरान्त केन्द्रीय प्रबंध समिति/कार्यकारिणी के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों ने चारबाग बस स्टेशन, लखनऊ, पर पूर्व निर्धारित बैठक/सभा दिनांक 24-09-2025 को आयोजित की, जिसमें प्रदेश भर से आये प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस सभा में प्रतिनिधियों द्वारा परिषद के केन्द्रीय/प्रान्तीय पदाधिकारियों का चुनाव, घनश्याम यादव, (महासचिव, उ0प्र0 राज्य निगम कर्मचारी महासंघ) चुनाव अधिकारी की देख-रेख में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर निगम महासंघ के अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। देर तक चली इस चुनावी कार्यवाही में गिरिजा शंकर तिवारी को दूसरी बार प्रान्तीय अध्यक्ष तथा गिरीश चन्द्र मिश्र को 12वीं बार प्रान्तीय महामंत्री पद पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि इस चुनाव में अध्यक्ष व महामंत्री के साथ ही रविन्द्र कुमार, (बरेली) वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अरविन्द कुरील (कानपुर), गुलजार अहमद (गाजियाबाद), महेश कुमार राय (गोरखपुर) व सुरेश चन्द्र पाण्डेय (प्रयागराज) उपाध्यक्ष, संजय कुमार राणा (मेरठ) अपर महामंत्री, चन्द्र हंस (आगरा), सुरेश चन्द्र मिश्र (इटावा), विवेकानन्द सिन्हा (वाराणसी) व सतीश कुमार (निगम मुख्यालय), उपमहामंत्री, बी0 के0 शुक्ल (लखनऊ) कोषाध्यक्ष, धर्मेन्द्र सिंह (अयोध्या), संगठन मंत्री तथा वेदरत्न वर्मा (लखनऊ) प्रचार व सांस्कृतिक मंत्री एवं 42 सदस्य कार्यकारिणी भी सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित हुए।
घनश्याम यादव ने बताया कि परिषद की केन्द्रीय कार्यकारिणी के चुनाव में प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं में अतुलनीय ज़ोश व सक्रियता देखी गई और इस उत्साह के माहौल में यह चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।