CM Yogi ने दिल्ली चुनाव में विजयी हुए प्रत्याशियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी

दिल्ली विधानसभा चुनाव तथा उ0प्र0 में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम झूठ एवं लूट की राजनीति पर पूर्ण विराम का स्पष्ट संकेत दे रहे : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनन्दन किया
जिस विश्वास के साथ डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी पर कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया, उनकी आशाओं और अपेक्षाओं पर डबल इंजन सरकार हमेशा खरा उतरेगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव तथा उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम झूठ एवं लूट की राजनीति पर पूर्ण विराम का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षों से सेवा, सुरक्षा व सुशासन के भाव के साथ निरन्तर चल रहे लोक कल्याणकारी कार्यों की विजय हुई है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली चुनाव में विजयी हुए सभी प्रत्याशियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे0पी0 नड्डा जी, रणनीतिकार के रूप में केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित केन्द्रीय नेतृत्व का दिल्ली में ढाई दशक के बाद कमल खिलाने के लिए अभिनन्दन करते हुए कहा अब विकास, सुशासन और लोककल्याणकारी योजनाओं का सही लाभ दिल्लीवासियों को प्राप्त होगा। विगत लगभग ढाई दशक और 11 वर्षों से दिल्ली में उत्पन्न परिस्थितियों ने दिल्ली को बहुत पीछे धकेल दिया था, जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वेलफेयर के नाम पर वास्तविक लोक कल्याणकारी योजनाओं से जनता को वंचित कर लूट और झूठ की राजनीति को प्रश्रय देने का पर्दाफाश हुआ है। अब माँ यमुना के तट पर बसी हुई दिल्ली विकास का रसास्वादन करेगी।

दिल्लीवासियों को उन सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो पाएगा, जिनमें विगत 11 वर्षों से आम आदमी पार्टी की सरकार बैरियर का काम  कर रही थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अयोध्या जनपद की मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के परिवारवाद और झूठ की राजनीति पर पूर्ण विराम लगाते हुए, डबल इंजन सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के मॉडल को जनता द्वारा अंगीकार किया गया है। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाजवादी पार्टी झूठ का कितना भी सहारा क्यों न ले ले, कितना भी बड़ा प्रोपेगेंडा क्यों न कर ले, जनता-जनार्दन उन्हें सबक सिखाने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्या के इस चुनाव परिणाम के माध्यम से लगभग 61,000 वोट से भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रभान पासवान की विजय इस बात को प्रमाणित करती है कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार और प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर जनता-जनार्दन का विश्वास है। उन्होंने चन्द्रभान पासवान की विजय पर भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों के सभी पदाधिकारियों व अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनन्दन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी पर कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है, उनकी आशाओं और अपेक्षाओं पर डबल इंजन सरकार हमेशा खरा उतरेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठ और लूट की राजनीति पर हमेशा के लिए पूर्ण विराम लगाने के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के चुनाव ने जो परिणाम दिए हैं, वह सचमुच अभिनन्दनीय हैं। हमें एक सुखद भविष्य की ओर ले जाने के लिए नई प्रेरणा भी प्रदान कर रहे हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage