एलडीए ! शहर में निवेश व विकास का रास्ता खोलेंगी 385 एकड़ की 07 नयी टाउनशिप
लखनऊ विकास प्राधिकरण बोर्ड ने उत्तर प्रदेश टाउनशिप नीति-2023 के तहत सातों नयी टाउनशिप के डीपीआर को दी मंजूरी

लखनऊ मेट्रो विशेष सुख-सुविधा परियोजनाओं में अधिसूचित, शहर में मेट्रो रेल प्रणालियों के विकास को बल मिलेगा
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शहर में 07 नयी टाउनशिप के डीपीआर को मंजूरी दे दी है। लगभग 385 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित निजी डेवपलर्स की इन टाउनशिप से राजधानी में लगभग 10 हजार करोड़ रूपये का निवेश आएगा। इससे जहां एक तरफ शहर के नियोजित विकास को पंख लगेंगे। वहीं, दूसरी ओर बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश टाउनशिप नीति-2023 के अंतर्गत मोहनलालगंज व सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र में सात नयी टाउनशिप के लिए निजी डेवलपर्स को लाइसेंस दिये गये थे। इसमें मेसर्स दुर्गा ग्रीन्स इन्फ्राटेक, मेसर्स बाबा इन्फ्रा डेवलपर्स, मेसर्स अविचल इन्फ्रा बिल्ड, मेसर्स एसमैप बिल्डर्स एंड डेवलपर्स, मेसर्स ओमैक्स लिमिटेड व मेसर्स नीलेन्द्राज कंस्ट्रक्शन्स ने टाउनशिप के लिए प्रस्तावित क्षेत्र में 60 प्रतिशत से अधिक भूमि का स्वामित्व प्राप्त कर लिया है। इनके भू-उपयोग के प्रस्ताव भी निर्धारित मानकों के अनुरूप, जिसका परीक्षण समिति द्वारा किया जा चुका है। शुक्रवार को बैठक में इन सातों टाउनशिप की डीपीआर को बोर्ड से स्वीकृति मिल गयी है। उपाध्यक्ष ने बताया कि लगभग 385 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इन टाउनशिप से शहर में निवेश व विकास का रास्ता खुलेगा।
लखनऊ मेट्रो ‘विशेष सुख-सुविधा’ परियोजना में अधिसूचित
एलडीए ने लखनऊ मेट्रो को विशेष सुख-सुविधा परियोजना में अधिसूचित करने का फैसला किया है। उपाध्यक्ष ने बताया कि यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इसके लिए अनुरोध किया था। इससे मेट्रो रूट पर बनने वाले भवनों के मानचित्रों पर विशेष सुख-सुविधा शुल्क अधिरोपित किया जा सकेगा। जिससे प्राप्त होने वाली धनराशि से मेट्रो के प्रभावी कार्यान्वयन और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित की जाएगी। इससे शहर में मेट्रो रेल प्रणालियों के विकास को बल मिलेगा।








