ज़ोन -3 में एलडीए की बड़ी कार्रवाई, 10 बीघा अवैध प्लाटिंग स्वाहा

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत सोमवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान 10 बीघा अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध तरीके से विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी एस डी एम विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि अमन यादव, मोहम्मद इस्माइल व अन्य द्वारा ग्राम- बेलवा , थाना काकोरी में में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।








