मोहनलालगंज व गुड़म्बा में गरजा एलडीए का बुलडोजर, 06 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं जोन-5 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मोहनलालगंज व गुड़म्बा में 06 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि जागेश्वर, कल्लू लाल, शिवपाल, किशन, मिश्रीलाल व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के ग्राम-शिवढ़रा में लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। वहीं, राम करन, मंशा राम, शीतल व अन्य द्वारा शिवढ़रा में लगभग 03 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह गुरूबक्श, प्रमोद कुमार, चन्द्रपाल व अन्य द्वारा शिवढ़रा में लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि अनूप जायसवाल व अन्य द्वारा गुड़म्बा के पैकामऊ में कुर्सी रोड पर इंडियन ओवरसीज बैंक के पीछे लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह मोहम्मद वसीम द्वारा गुड़म्बा के ग्राम-पलका में लगभग 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल व नूर आलम द्वारा लगभग 10,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage