मानचित्र समाधान दिवसः हाथों हाथ मिली एन0ओ0सी, 30 मानचित्र/शमन मानचित्र स्वीकृत
लखनऊ विकास प्राधिकरण में हुआ मानचित्र समाधान दिवस का आयोजन, मानचित्र/शमन मानचित्र के 32 नये आवेदन प्राप्त किये गये

ऑनलाइन माध्यम से मानचित्र के 35 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, अब 28 फरवरी को पुनः लगेगा कैम्प
लखनऊ विकास प्राधिकरण में शुक्रवार को आयोजित किये गये मानचित्र समाधान दिवस में लोगों का काम हाथों हाथ हुआ। इस दौरान 14 आवेदकों को मौके पर ही एन0ओ0सी प्रदान की गयी, जबकि 30 मानचित्र/शमन मानचित्र स्वीकृत किये गये। इस मौके पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कैम्प में उपस्थित रहकर एक-एक प्रकरण की समीक्षा की।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष ने लोगों की सुविधा के लिए प्रत्येक माह मानचित्र समाधान दिवस आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। जिसके अनुपालन में 07.02.2025 को गोमती नगर के विपिन खण्ड स्थित प्राधिकरण भवन के कमेटी हाॅल में सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 1ः00 बजे तक विशेष कैम्प लगाया गया। जिसमें प्राधिकरण के मानचित्र, अभियंत्रण, नियोजन, नजूल, ट्रस्ट अनुभाग के अलावा जिला प्रशासन, नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे नजूल, अर्जन, सीलिंग, ट्रस्ट व लैंड यूज से सम्बंधित 14 एन0ओ0सी0 मौके पर ही निर्गत की गयी।
28 फरवरी को पुनः लगेगा कैम्प
मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम ने बताया कि कैम्प में कुल 12 मानचित्र व 18 शमन मानचित्र स्वीकृत किये गये। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से 35 आवेदनों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 32 लोगों ने कैम्प में आकर मानचित्र/शमन मानचित्र के लिए नया आवेदन किया। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष ने आगामी 28 फरवरी को पुनः मानचित्र कैम्प लगाने के निर्देश दिये हैं। जिसमें प्रक्रियाधीन प्रकरणों के अलावा नये प्राप्त होने वाले आवेदनों पर भी कार्यवाही की जाएगी।
केसः 1
ऐशबाग में मोती नगर निवासी संगीता सोनी ने आवासीय भवन मानचित्र के लिए आवेदन किया था। जिसमें ट्रस्ट, नगर निगम व तहसील की एन0ओ0सी प्राप्त न होने के कारण प्रकरण दो महीने से लंबित था। मानचित्र समाधान दिवस में आये संगीता सोनी के पति सत्य प्रकाश सोनी को मौके पर ही एन0ओ0सी0 प्रदान की गयी।
केसः 2
हरीशचन्द्र ने औरंगाबाद जागीर में आवासीय भवन मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया था। जिसमें एन0ओ0सी0 न मिलने के कारण प्रकरण लंबित था। उन्हें मौके पर ही लैंड यूज, अर्जन आदि की एन0ओ0सी0 प्रदान की गयी।
केसः 3
एलडीए की कानपुर रोड योजना में व्यावसायिक भवन का निर्माण करा रहे मयंक अग्रवाल ने शमन मानचित्र के लिए आवेदन किया था। समाधान दिवस में समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराकर भवन का शमन मानचित्र स्वीकृत किया गया।
केसः 4
जानकीपुरम के सैदपुर जागीर में आवासीय भवन का निर्माण करा रहे संकल्प सैनी ने शमन मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया था। कैम्प में पहुंचे संकल्प सैनी का शमन मानचित्र स्वीकृत किया गया।
केसः 5
अर्शिता डेंटल सर्विसेज द्वारा महानगर में आवासीय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। कैम्प में इनका शमन मानचित्र स्वीकृत किया गया।








