मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जौनपुर में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया

जौनपुर।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद जौनपुर में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि लव-जिहाद की समस्या पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए एक सख्त कानून लाया जाएगा। छद्मवेश, चोरी-छुपे, नाम छुपाकर, स्वरूप छुपाकर जो लोग बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा भी फैसला दिया गया है कि शादी-ब्याह के लिए धर्म परिवर्तन करना आवश्यक नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मिशन शक्ति कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसके पश्चात ऑपरेशन शक्ति संचालित किया जाएगा। सरकार बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए कृतसंकल्प है और हर हालत में इनकी सुरक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जौनपुर की मल्हनी विधान सभा क्षेत्र के उप चुनाव में अपने एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। भारतीय जनता पार्टी में जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध एक सामान्य कार्यकर्ता के लिए भी प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष यहां तक की प्रधानमंत्री बनना सम्भव है। काँग्रेस, सपा आदि पार्टियों में यह सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास के लिए कार्य करती है। इसलिए सबका वोट भी भारतीय जनता पार्टी को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सबसे बड़ी आबादी का राज्य है। इसके बावजूद कोरोना से बचाव व उपचार के मामले में प्रदेशवासियों के सहयोग से उत्तर प्रदेश ने सबसे अच्छे परिणाम दिये हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोक कल्याणकारी कार्यों को बिना भेदभाव के सम्पन्न कराने के साथ ही विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया।

अपने पिछले जौनपुर भ्रमण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना कालखण्ड में जब प्रत्येक व्यक्ति अपने बचाव के लिए प्रयासरत था। हमारे मंत्रिगण, सांसदगण, विधायकगण, पदाधिकारीगण जनता की सेवा का कार्य कर रहे थे। इस कालखण्ड में भी हमारे जनप्रतिनिधिगण जौनपुर में अतिवृष्टि से जनता को राहत दिलाने के कार्य करते रहे। कोरोना के दौरान जौनपुर में बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार वापस आए। इन कामगारों को सुरक्षित और सम्मानजनक ढंग से उनके घर पहुंचाने का कार्य किया गया। उनके लिए राशन और भोजन की व्यवस्था की गयी। साथ ही, प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर पैकेज के तहत रोजगार और स्वरोजगार की व्यवस्था भी की गयी। हमारी सरकार ने 30 लाख गरीबों को एक-एक आवास, 01 करोड़ 24 लाख गरीबों को विद्युत कनेक्शन, 46 लाख गरीबों को रसोई गैस कनेक्शन, लगभग 87 लाख वृद्ध, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन धारकों को अग्रिम पेंशन धनराशि तथा कोरोना कालखण्ड में पात्र परिवारों को14वीं बार खाद्यान्न वितरण का लाभ दिलाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांगे्रस, सपा, बसपा की सरकारों में नौजवानों को नौकरियां नहीं मिलती थीं। हमारी सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्ष में साढ़े तीन लाख नौजवानों को प्रदेश में सरकारी नौकरियां दी हैं। अब नौकरियों हेतु चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों को हमारी सरकार पूरी मुस्तैदी से जेल भेजने का कार्य करती है। हमारी सरकार ने बेसिक शिक्षा में शिक्षकों की भर्ती का कार्य कुशलता से सम्पन्न कराया। पुलिस में 01 लाख 37 हजार नौजवानों की भर्ती की गयी है। साथ ही, निजी क्षेत्र में 30 लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी और रोजगार से जोड़ा गया है। प्रदेश में 1.5 करोड़ लोगों को स्वतः रोजगार से जोड़ा गया है। यह सभी कार्य प्रदेश में विगत साढे तीन वर्ष में सम्पन्न हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संवेदनशीलता प्रदेश के लोगों के प्रति है। राज्य की 24 करोड़ जनता ही हमारे लिए परिवार है। उसके सुख, दुःख, सुरक्षा के साथ खड़ा होना ही हमारा दायित्व है। हमारी नीति और नीयत साफ है। हमारी सहानुभूति किसानों, गांव, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों, समाज के प्रत्येक तबके के प्रति है, अपराधी, माफिया, गुण्डों के प्रति नहीं। हमारी सरकार ने ऑपरेशन माफिया चलाया है। गरीबों, व्यापारियों की सम्पत्ति पर कब्जा करके अवैध सम्पत्ति बनाने वाले माफियाओं की सम्पत्ति पर बुलडोजर चल रहे हैं। यह कार्य प्रदेश की जनता को पसंद आ रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी को इससे पीड़ा हो रही है। क्योंकि समाजवादी पार्टी की सहानुभूति अपराधी, माफिया तत्वों के प्रति है।

Related Articles

Back to top button
btnimage