नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मुख्यालय का किया निरीक्षण, कर्मचारियों को समयपालन के निर्देश

लखनऊ।  नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नगर निगम मुख्यालय का दौरा कर सभी विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे हर विभाग में पहुंचे और खुद हाजिरी रजिस्टर चेक किया। साथ ही, उन्होंने विभागों के कामकाज और कार्यशैली का भी बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देकर उनके वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
समय पालन और अनुशासन पर नगर आयुक्त का विशेष जोर
गौरव कुमार ने सख्त निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय में पहुंचें और अपने कार्यों को तय समय में पूरा करें। उन्होंने साफ कहा कि कार्यालय के अनुशासन में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेवा पुस्तिकाओं का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
अधिष्ठान विभाग का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का काम बिना किसी देरी के पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पुस्तिका जैसे जरूरी दस्तावेजों का अद्यतन रहना बेहद आवश्यक है और इसे प्राथमिकता दी जाए।
जनसंपर्क कार्यालय की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
जनसंपर्क कार्यालय में निरीक्षण के दौरान गौरव कुमार ने वहां की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने पेपर कटिंग के काम में लापरवाही मिलने पर असंतोष व्यक्त किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिदिन के कार्यों का समय पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
311 ऐप और उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने 311 मोबाइल ऐप और उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की। अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्त रवैया अपनाते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि उनसे स्पष्टीकरण लिया जाए और भविष्य में अनुशासन तथा समय पालन को सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर दिया बल
नगर आयुक्त ने अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी व सशक्त बनाने में योगदान दें। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage