गोसाईंगंज व गोमती नगर विस्तार में गरजा एलडीए का बुलडोजर, 05 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-2 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज व गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में कार्यवाही की। इस दौरान लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। इसमें डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि राकेश सिंह व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार में इंदिरा नहर के किनारे मलूकपुर ढ़कवा के गोकुलधाम में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी शशिभूषण पाठक ने बताया कि बी0के0 सिंह व डी0के0 सिंह द्वारा गोसाईंगंज के रकीबाबाद में लगभग 07 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसी तरह मोहम्मद अनवर खान द्वारा रकीबाबाद में लगभग 01 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।
इसके अलावा महेन्द्र शुक्ला व अन्य द्वारा गोसाईंगंज में इंदिरा नहर के किनारे ग्राम-भटवारा में एक जगह 03 बीघा व दूसरी जगह 20 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनियां विकसित की जा रही थीं। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।

Related Articles

Back to top button
btnimage