पॉलीटेक्निक चौराहे के पास स्थित सहारा बाजार को वापस लेगा एलडीए
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शर्तों के उल्लंघन पर निरस्त की भूखण्ड की लीज डीड

गोमती नगर के विभूति खण्ड में 4741 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बना है सहारा बाजार
गोमती नगर के विभूति खण्ड मेें पॉलीटेक्निक चौराहे के पास बने सहारा बाजार को लखनऊ विकास प्राधिकरण अपने कब्जे में लेगा। प्राधिकरण ने उक्त भूखण्ड सहारा इंडिया कार्पोरेशन को 30-30 वर्ष की लीज पर आवंटित किया था। एग्रीमेंट की शर्तों के उल्लंघन पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लीज डीड निरस्त करते हुए भूखण्ड में पुर्नप्रवेश के आदेश दिये हैं। शुक्रवार को एलडीए की टीम परिसर को सील बंद करेगी।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गोमती नगर योजना के विभूति खण्ड में पॉलीटेक्निक चौराहे व वेव मॉल के बीच में 4741 वर्गमीटर क्षेत्रफल के व्यावसायिक भूखण्ड पर सहारा बाजार बना है। प्राधिकरण ने उक्त भूखण्ड दिनांक-09.01.1987 को सहारा इंडिया कार्पोरेशन लिमिटेड के पक्ष में 30-30 वर्षों की लीज पर आवंटित किया था। आवंटी संस्था को एग्र्रीमेंट की नियम व शर्तों के अनुसार लीज अवधि समाप्त होने से पूर्व लीज डीड का नवीनीकरण कराना था। दिनांक-09.01.2017 को भूखण्ड की लीज अवधि समाप्त हो गयी और आवंटी संस्था द्वारा लीज डीड का नवीनीकरण नहीं कराया गया।
लीज डीड में उल्लेखित शर्तों के उल्लंघन पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा समिति गठित करते हुए मामले की रिपोर्ट तलब की गयी। स्थल निरीक्षण में पाया गया कि कॉम्पलेक्स में लगभग 150 दुकानें निर्मित हैं, जिनमें से सिर्फ 11 दुकानें ही संचालित हैं। मौके पर मिले दुकानदारों द्वारा अवगत कराया गया कि फर्म से लगभग 25 दुकानों का अनुबंध है, शेष सभी दुकानें अनुबंधित हैं और रिक्त पड़ी हैं। स्थल निरीक्षण के दौरान समिति ने यह भी पाया कि पूरा परिसर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है और जगह-जगह गंदगी, मलबे व कूड़े का ढेर लगा है। अपर सचिव ने बताया कि सहारा इंडिया द्वारा लीज डीड की शर्तों का उल्लंघन करने एवं निर्धारित समय अवधि में लीज डीड विस्तारित न किये जाने के कारण उपाध्यक्ष महोदय द्वारा लीज डीड को निरस्त करते हुए पुर्न प्रवेश का आदेश पारित किया गया है।
इसके अनुपालन में परिसर को कब्जे में लेने का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता अजीत कुमार को कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। अपर सचिव ने बताया कि अभियंत्रण व प्रवर्तन की टीम द्वारा सहारा बाजार में मुनादी कराते हुए मौके पर उपस्थित लोगों को जगह खाली करने के सम्बंध में अवगत करा दिया गया है। दुकानदारों ने स्वयं से जगह खाली करने के लिए समय की मांग की थी, जिसकी मियाद पूरी हो रही है। शुक्रवार को एलडीए की टीम परिसर को सीलबंद करते हुए कब्जा लेने की कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि उक्त भूखण्ड की वर्तमान कीमत लगभग 100 करोड़ रूपये है।








